दिल्ली, 11 जनवरी 2026: मनोरंजन जगत से एक बेहद दुखद खबर सामने आई है। इंडियन आइडल-3 के विजेता और मशहूर गायक प्रशांत तमांग का 43 वर्ष की उम्र में निधन हो गया है। बताया जा रहा है कि उनकी मौत दिल का दौरा पड़ने से हुई। प्रशांत के अचानक निधन से उनके प्रशंसकों और संगीत जगत में गहरा शोक है।
प्रशांत तमांग के म्यूजिक पार्टनर भावेन धवन ने इंस्टाग्राम पोस्ट के जरिए उनके निधन की पुष्टि की। उन्होंने भावुक संदेश में लिखा, “यकीन नहीं होता कि तुम चले गए, मेरे भाई।” जानकारी के अनुसार, प्रशांत को दिल्ली के जनकपुरी स्थित अपने घर पर अचानक तबीयत बिगड़ने के बाद अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया।
प्रशांत के निधन की खबर से उनके दोस्त, साथी कलाकार और प्रशंसक सदमे में हैं। हर किसी की आंखें नम हैं और दिल भारी हो गया है।
गौरतलब है कि प्रशांत तमांग ने वर्ष 2007 में रियलिटी शो इंडियन आइडल-3 में हिस्सा लिया था। अपनी मधुर और आत्मा को छू लेने वाली आवाज से उन्होंने देशभर में पहचान बनाई और शो का खिताब अपने नाम किया। इंडियन आइडल जीतने के बाद उनकी जिंदगी पूरी तरह बदल गई और वे देश-विदेश में संगीत कार्यक्रम करने लगे। उनकी गायकी और सादगी ने लाखों लोगों का दिल जीता।
प्रशांत तमांग के निधन से भारतीय संगीत जगत ने एक प्रतिभाशाली और प्रिय गायक को खो दिया है।






