माछीवाड़ा/समराला, 11 जनवरी 2026: हरियाणा के मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी आज पंजाब दौरे पर पहुंचे। अपने दौरे की शुरुआत उन्होंने माछीवाड़ा स्थित पवित्र गुरुद्वारा चरण कमल साहिब में माथा टेककर की, जहां उन्होंने प्रदेश की शांति, समृद्धि और खुशहाली की कामना की।
धार्मिक स्थल पर मत्था टेकने के बाद मुख्यमंत्री समराला में आयोजित एक विशाल जनसभा को संबोधित करेंगे। इस दौरान वह लोगों से सीधे संवाद करेंगे और विकास, सुशासन तथा जनकल्याण से जुड़े मुद्दों पर अपने विचार साझा करेंगे।
मुख्यमंत्री के इस दौरे के दौरान भारतीय जनता पार्टी की पंजाब इकाई के कई वरिष्ठ नेता भी उनके साथ मौजूद रहे। इनमें रणजीत सिंह गिल, तजिंदर सिंह सरन, राधेश शर्मा निशु और भूपिंदर चीमा प्रमुख रूप से शामिल हैं। इन नेताओं की मौजूदगी से पार्टी कार्यकर्ताओं और समर्थकों में खासा उत्साह देखने को मिल रहा है।
जनसभा को लेकर सुरक्षा के कड़े इंतजाम किए गए हैं और बड़ी संख्या में लोगों के पहुंचने की उम्मीद जताई जा रही है। मुख्यमंत्री का यह दौरा राजनीतिक दृष्टि से भी अहम माना जा रहा है, जिससे क्षेत्र में सियासी गतिविधियां तेज हो गई हैं।






