पंजाब, 10 जनवरी 2026: पंजाब इस समय भीषण ठंड की चपेट में है, जहां शीतलहर और घने कोहरे का दोहरा असर देखने को मिल रहा है। फिलहाल लोगों को ठंड से राहत मिलने की कोई संभावना नजर नहीं आ रही है। मौसम विभाग ने 11 से 15 जनवरी तक राज्य के लिए येलो अलर्ट जारी किया है।
मौसम विभाग के अनुसार, इस दौरान जालंधर, कपूरथला, होशियारपुर, लुधियाना, तरनतारन, अमृतसर, संगरूर, पटियाला, फतेहगढ़ साहिब, गुरदासपुर, पठानकोट और मोहाली में घने कोहरे की संभावना बनी रहेगी। इन दिनों अधिकतम और न्यूनतम तापमान में ज्यादा अंतर नहीं रहेगा।
मौसम विभाग ने कड़ाके की ठंड को देखते हुए लोगों से सतर्क रहने की अपील की है। साथ ही कोहरे के कारण वाहन चलाते समय विशेष सावधानी बरतने की सलाह दी गई है, ताकि किसी भी तरह की दुर्घटना से बचा जा सके।






