यह महज एक अभियान नहीं, बल्कि पंजाब के भविष्य को बचाने की सांझी लड़ाई है – मेयर कुंदन गोगिया
पटियाला, 10 जनवरी, 2026 : पंजाब को नशा मुक्त बनाने के उद्देश्य से चल रहे “युद्ध नशे के विरुद्ध” अभियान के तहत आज पटियाला शहर के वार्ड नंबर 30 में एक विशाल जागरूकता पैदल रैली का आयोजन किया गया। इस रैली का नेतृत्व नगर निगम पटियाला के मेयर कुंदन गोगिया और नशा मुक्ति मोर्चा के हलका कोऑर्डिनेटर दविंदर पाल मिक्की ने किया। रैली में युवाओं, समाज सेवी संस्थाओं, यूथ विंग के सदस्यों, ब्लॉक प्रधानों, नशा मुक्ति मोर्चा के सभी नेताओं व सदस्यों और शहर के विभिन्न वर्गों के लोगों ने बड़ी संख्या में भाग लिया। इस अवसर पर “नशा छोड़ो, जीवन जोड़ो”, “जवानी बचाओ, पंजाब बचाओ” जैसे नारों ने लोगों में नई उम्मीद भर दी। रैली के दौरान युवाओं ने तख्तियां और बैनर पकड़कर नशे के खिलाफ अपना दृढ़ संदेश भी दिया।
इस अवसर पर मेयर कुंदन गोगिया और दविंदर पाल मिक्की ने संयुक्त रूप से संबोधित करते हुए कहा कि नशा पंजाब के लिए एक गंभीर चुनौती रहा है, लेकिन अब समय आ गया है कि इस बुराई के खिलाफ एकजुट होकर लड़ाई लड़ी जाए। उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री भगवंत मान के नेतृत्व में पंजाब सरकार नशे के खात्मे के लिए ठोस और प्रभावी कदम उठा रही है। नशा तस्करों के खिलाफ सख्त कार्रवाई, नशा मुक्ति केंद्रों की मजबूती और जागरूकता अभियान इसका स्पष्ट प्रमाण हैं।
मेयर ने कहा कि नशे की कमर तोड़ने के लिए सरकार के साथ-साथ समाज की भूमिका भी बहुत महत्वपूर्ण है। अभिभावकों, शिक्षकों, धार्मिक और सामाजिक संस्थाओं को आगे आकर युवाओं को सही दिशा दिखानी चाहिए। उन्होंने विशेष तौर पर युवाओं से अपील की कि वे नशे से दूर रहकर खेलों, शिक्षा और रोजगार की ओर ध्यान दें।
बता दें कि रैली के दौरान नशा मुक्ति विशेषज्ञों द्वारा भी नशे के शारीरिक, मानसिक और सामाजिक नुकसानों के बारे में जानकारी दी गई। इसके साथ ही लोगों को यह भी बताया गया कि यदि किसी को नशे की लत है तो उसकी मदद के लिए सरकारी नशा मुक्ति केंद्रों में मुफ्त इलाज और काउंसलिंग उपलब्ध है।
अंत में मेयर कुंदन गोगिया ने कहा कि “युद्ध नशे के विरुद्ध” सिर्फ एक अभियान नहीं, बल्कि पंजाब के भविष्य को बचाने की सांझी लड़ाई है। उन्होंने भरोसा दिलाया कि आने वाले समय में भी इस तरह की जागरूकता गतिविधियां जारी रखी जाएंगी, ताकि पटियाला ही नहीं, पूरा पंजाब नशा मुक्त बन सके।
फोटो – रैली के दौरान मेयर कुंदन गोगिया और अन्य
जारीकर्ता
राजिंदर मोहन (सचिव)
मेयर कार्यालय, पटियाला
83609 66060






