लुधियाना, 10 जनवरी 2026: लुधियाना जिले के मुल्लापुर के पास बद्दोवाल इलाके में शनिवार को एक लग्जरी कार शोरूम में दिनदहाड़े फायरिंग की सनसनीखेज वारदात सामने आई। बाइक सवार दो बदमाशों ने रॉयल लिमोज़िन शोरूम के बाहर अंधाधुंध गोलियां चलाईं, जिससे शोरूम परिसर में खड़ी कई महंगी कारों को नुकसान पहुंचा।
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, बदमाश सुबह करीब 10:30 बजे शोरूम के बाहर पहुंचे और वाहनों को निशाना बनाते हुए 7 से 8 राउंड फायर किए। कुछ गोलियां कारों के आगे के शीशों में लगीं। फायरिंग के बाद आरोपी मौके पर गैंगस्टर पवन शौकीन और मुहब्बत रंधावा के नाम लिखी पर्चियां फेंककर फरार हो गए।
घटना की सूचना मिलते ही मुल्लापुर पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू की। पुलिस का कहना है कि प्रारंभिक जांच में यह मामला फिरौती से जुड़ा प्रतीत हो रहा है। जिस रॉयल लिमोज़िन शोरूम में फायरिंग हुई, वहां मर्सिडीज और रेंज रोवर जैसी लग्जरी कारें खड़ी थीं, जिनकी कीमतें मॉडल और फीचर्स के अनुसार 80 लाख रुपये से लेकर 4 करोड़ रुपये या उससे अधिक बताई जा रही हैं।
अचानक हुई फायरिंग से शोरूम कर्मचारियों और वहां मौजूद लोगों में दहशत फैल गई। गोलियों की आवाज सुनते ही लोग जान बचाकर इधर-उधर भागने लगे। गनीमत रही कि इस घटना में किसी के हताहत होने की सूचना नहीं है। पुलिस आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाल रही है और आरोपियों की तलाश जारी है।






