45 की मौत, इंटरनेट बंद
तेहरान 09 जनवरी 2026: ईरान में महंगाई के खिलाफ जारी विरोध प्रदर्शन गुरुवार रात और ज्यादा उग्र हो गए। बीते 13 दिनों से चल रहे इन प्रदर्शनों ने अब देशव्यापी रूप ले लिया है। सीएनएन की रिपोर्ट के अनुसार, यह प्रदर्शन ईरान के 100 से अधिक शहरों में फैल चुके हैं, जिससे हालात बेहद तनावपूर्ण हो गए हैं।
प्रदर्शनकारियों ने कई इलाकों में सड़कों को जाम कर दिया और आगजनी की घटनाओं को अंजाम दिया। इस दौरान “खामेनी को मौत”, “इस्लामिक गणराज्य मुर्दाबाद” जैसे नारे लगाए गए। कुछ स्थानों पर प्रदर्शनकारियों ने ईरान के पूर्व शासक परिवार के समर्थन में नारे लगाते हुए क्राउन प्रिंस रज़ा पहलवी के समर्थन का भी ऐलान किया। लोगों ने नारे लगाए—“यह आखिरी लड़ाई है, शाह पहलवी वापस आएगा।”
अमेरिकी मानवाधिकार एजेंसी के मुताबिक, इन विरोध प्रदर्शनों के दौरान हुई हिंसा में अब तक 45 लोगों की मौत हो चुकी है, जिनमें आठ बच्चे भी शामिल हैं। हिंसा के दौरान एक पुलिस अधिकारी की चाकू मारकर हत्या कर दी गई, जबकि 2,270 से अधिक लोगों को हिरासत में लिया गया है।
स्थिति को नियंत्रित करने के लिए सरकार ने देशभर में अस्थायी रूप से इंटरनेट और फोन सेवाएं बंद कर दी हैं। इसके अलावा, तेहरान अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डे को भी बंद कर दिया गया है और सेना को हाई अलर्ट पर रखा गया है।
महंगाई और आर्थिक संकट के खिलाफ उठी यह जनआंदोलन अब ईरान के लिए एक बड़ी राजनीतिक और सुरक्षा चुनौती बनता जा रहा है, जिससे अंतरराष्ट्रीय स्तर पर भी चिंता बढ़ गई है।






