चंडीगढ़, 9 जनवरी 2026: रिश्वतखोरी के आरोपों में गिरफ्तार और निलंबित डीआईजी हरचरण सिंह भुल्लर ने अब नियमित जमानत के लिए हाईकोर्ट का रुख किया है। हाईकोर्ट द्वारा भुल्लर की याचिका पर अगले सप्ताह सुनवाई किए जाने की संभावना है।
उल्लेखनीय है कि भुल्लर इस समय रिश्वतखोरी के एक मामले में चंडीगढ़ की केंद्रीय जेल में न्यायिक हिरासत में बंद हैं। हालांकि, उनके खिलाफ दर्ज दूसरे मामले—आय से अधिक संपत्ति—में निचली अदालत पहले ही उन्हें जमानत दे चुकी है। इसके बावजूद रिश्वतखोरी के मामले में निचली अदालत द्वारा जमानत याचिका खारिज किए जाने के बाद उन्होंने हाईकोर्ट में नियमित जमानत के लिए अपील की है।
मामले के अनुसार, केंद्रीय जांच ब्यूरो (सीबीआई) ने भुल्लर को 17 अक्टूबर को रिश्वत लेने के आरोप में गिरफ्तार किया था। तब से वे लगातार हिरासत में हैं। हाईकोर्ट में दायर याचिका में भुल्लर की ओर से दलील दी गई है कि इस मामले में 13 दिसंबर को चार्जशीट दाखिल की जा चुकी है और जांच पूरी हो चुकी है।
याचिका में यह भी कहा गया है कि सेवा से निलंबित होने के कारण भुल्लर के द्वारा किसी भी गवाह या साक्ष्य को प्रभावित करने की कोई संभावना नहीं है। साथ ही, उन्होंने अदालत से यह भी आग्रह किया है कि वे लंबे समय से जेल में बंद हैं, जिसे जमानत पर विचार करते समय ध्यान में रखा जाए।






