जालंधर, 8 जनवरी 2026: मनरेगा जागरूकता अभियान के तहत आज पंजाब भाजपा के अध्यक्ष सुनील जाखड़ जालंधर पहुंचे। इस दौरान उन्होंने जनसभा को संबोधित करते हुए आम आदमी पार्टी सरकार और कांग्रेस पार्टी पर तीखा हमला बोला। मनरेगा को लेकर बोलते हुए जाखड़ ने कहा कि ‘जी राम जी’ कानून में किसी भी प्रकार की कोई कमी नहीं है, इसके बावजूद कांग्रेस और आम आदमी पार्टी बिना किसी ठोस वजह के इसका विरोध कर रही हैं।
सुनील जाखड़ ने कहा कि वर्ष 2024-25 के दौरान पंजाब के मनरेगा मजदूरों को केवल 26 दिन का काम मिला, जबकि उनके हिस्से के शेष 74 दिनों का काम कहां गया, यह बड़ा सवाल है। उन्होंने आरोप लगाया कि कांग्रेस द्वारा यह झूठा प्रचार किया जा रहा है कि मोदी सरकार ने मनरेगा योजना को खत्म कर दिया है, जबकि सच्चाई यह है कि केंद्र सरकार ने 100 दिनों के बजाय 125 दिनों के रोजगार की गारंटी दी है।
उन्होंने कहा कि अगर किसी गरीब को 125 दिन काम करके मेहनताना मिलता है, तो इसमें किसी को परेशानी क्यों हो रही है। जाखड़ ने आगे कहा कि पंजाब में रोजाना गैंगस्टर फोन करके फिरौती मांग रहे हैं, जबकि मुख्यमंत्री भगवंत मान और आम आदमी पार्टी के संयोजक अरविंद केजरीवाल सिर्फ बयानबाजी कर रहे हैं। उन्होंने याद दिलाया कि तरनतारन उपचुनाव के दौरान अरविंद केजरीवाल ने दावा किया था कि गैंगस्टरों को एक हफ्ते का समय दिया जाएगा कि वे पंजाब छोड़ दें, अन्यथा उनके खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी।
सुनील जाखड़ ने कहा कि पंजाब में अमन-शांति कायम रहना बेहद जरूरी है, तभी प्रदेश सुरक्षित रह सकता है। उन्होंने दावा किया कि नए साल के पहले सात दिनों में ही पंजाब में नौ हत्याएं हो चुकी हैं, जो कानून-व्यवस्था की बिगड़ती स्थिति को दर्शाता है। उन्होंने कहा कि आए दिन गैंगस्टर फिरौती मांग रहे हैं और लोगों में डर का माहौल है।
नशे के मुद्दे पर बोलते हुए जाखड़ ने कहा कि पंजाब में नशों के खिलाफ कोई युद्ध नहीं चल रहा, बल्कि यह जंग पंजाब की जवानी और किसानी के खिलाफ बनती जा रही है। उन्होंने चेतावनी दी कि अगर यही हालात रहे तो एक दिन यह सब पंजाब को डुबो देगा। उन्होंने कहा कि पंजाब के लोगों ने बदलाव की उम्मीद में मौजूदा सरकार को मौका दिया था और अब वे उस बदलाव को देख भी रहे हैं।






