चंडीगढ़, 8 जनवरी 2026: मशहूर पंजाबी गायक और सांस्कृतिक प्रतीक गुरदास मान ने आज पंजाब के राज्यपाल एवं चंडीगढ़ के प्रशासक गुलाब चंद कटारिया से लोक भवन, पंजाब में शिष्टाचार भेंट की। इस दौरान पंजाब में बढ़ती नशाखोरी और उसके युवाओं पर पड़ रहे गंभीर दुष्प्रभावों पर चर्चा हुई।
राज्यपाल ने नशे को पंजाब के भविष्य के लिए गंभीर चुनौती बताते हुए कहा कि इससे निपटने के लिए समाज के सभी वर्गों को मिलकर प्रयास करने होंगे। उन्होंने बताया कि वे पिछले एक वर्ष से नशा-विरोधी जन-जागरूकता अभियान चला रहे हैं, जिसके तहत पदयात्राओं और विभिन्न संगठनों के सहयोग से लोगों को जागरूक किया जा रहा है।
राज्यपाल ने गुरदास मान से इस अभियान में सक्रिय भूमिका निभाने का आग्रह किया। इस पर गुरदास मान ने नशा-विरोधी मुहिम से जुड़ने और जागरूकता पदयात्राओं में भाग लेने का आश्वासन दिया। बैठक में स्वस्थ और नशामुक्त पंजाब के निर्माण के लिए सामूहिक प्रयासों की आवश्यकता पर बल दिया गया।






