चंडीगढ़, 07 जनवरी 2025 : पंजाब में लगातार बढ़ रही कड़ाके की ठंड और घने कोहरे को देखते हुए राज्य सरकार ने स्कूलों की छुट्टियां 13 जनवरी तक बढ़ाने का फैसला किया है। अब प्रदेश के सभी स्कूल 14 जनवरी से दोबारा सामान्य रूप से खुलेंगे। इस संबंध में जानकारी पंजाब के शिक्षा मंत्री हरजोत सिंह बैंस ने दी।
शिक्षा मंत्री ने बताया कि माननीय मुख्यमंत्री पंजाब सरदार भगवंत सिंह मान के दिशा-निर्देशों के अनुसार, विद्यार्थियों और स्कूल स्टाफ की सेहत व सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए यह निर्णय लिया गया है। आदेश के तहत राज्य के सभी सरकारी, एडिड, मान्यता प्राप्त और निजी स्कूलों में 13 जनवरी तक अवकाश रहेगा।
हरजोत सिंह बैंस ने ट्वीट कर कहा कि प्रदेश में लगातार बढ़ती ठंड और धुंध के कारण बच्चों की सुरक्षा सर्वोपरि है, इसी को ध्यान में रखते हुए स्कूलों की छुट्टियां आगे बढ़ाई गई हैं। उन्होंने स्पष्ट किया कि मौसम की स्थिति में सुधार होने पर 14 जनवरी से सभी स्कूल सामान्य दिनों की तरह खुल जाएंगे।
सरकार के इस फैसले से अभिभावकों और छात्रों ने राहत की सांस ली है।






