तपा मंडी, 7 जनवरी 2026: बर्नाला–बठिंडा मुख्य सड़क पर आज सुबह एक बड़ा हादसा उस समय टल गया, जब एक ट्रक अनियंत्रित होकर सड़क के डिवाइडर से जा टकराया। हादसे के कारण ट्राले पर लदा सामान सड़क पर बिखर गया, जिससे कुछ समय के लिए यातायात बाधित रहा। हालांकि इस दुर्घटना में किसी तरह की जान-माल की हानि नहीं हुई, लेकिन ट्रक मालिक को आर्थिक नुकसान जरूर हुआ है।
ट्रक चालक गुरप्रीत सिंह, पुत्र संतोष सिंह निवासी संघेड़ा ने बताया कि वह बर्नाला से अबोहर बिजली के खंभे लेकर जा रहा था। धागा मिल के पास अचानक सड़क पर आए एक जानवर को बचाने की कोशिश में ट्रक का संतुलन बिगड़ गया और वह डिवाइडर से टकरा गया।
घटना की सूचना मिलते ही सड़क सुरक्षा फोर्स के इंचार्ज गुरबख्श सिंह अपनी टीम के साथ तथा तपा पुलिस चौकी की पुलिस मौके पर पहुंची और हालात को काबू में लिया। यातायात बहाल करने के लिए जेसीबी मशीन मंगवाई गई। सड़क पर बिखरे बिजली के खंभों को दूसरे ट्रक में लोड किया गया, जिसके बाद मार्ग को पूरी तरह साफ कर यातायात सामान्य कर दिया गया।
हादसे की सूचना मिलने पर ट्रक मालिक भी मौके पर पहुंचा और उसकी निगरानी में सभी बिजली के खंभों को दूसरे ट्राले में लोड कराया गया। पुलिस ने मौके पर स्थिति को संभालते हुए किसी भी तरह की अव्यवस्था से बचाव किया।






