कपूरथला, 5 जनवरी 2025 — पंजाब के दिवंगत मुख्यमंत्री और अकाली राजनीति के स्तंभ रहे सरदार प्रकाश सिंह बादल के बेहद करीबी माने जाने वाले कपूरथला विधानसभा क्षेत्र के पूर्व विधायक और पूर्व परिवहन मंत्री सरदार रघबीर सिंह का निधन हो गया है। उन्हें आम तौर पर लोग सम्मान से “मंत्री साहिब” कहकर संबोधित करते थे।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, सरदार रघबीर सिंह की तबीयत कुछ समय से खराब चल रही थी, जिसके चलते उन्हें इलाज के लिए ब्यास अस्पताल ले जाया गया था। वहीं उपचार के दौरान उन्होंने अंतिम सांस ली। उनके निधन से राजनीतिक और सामाजिक हलकों में शोक की लहर दौड़ गई है।
सरदार रघबीर सिंह को एक सरल, ईमानदार और शालीन व्यक्तित्व वाले नेता के रूप में जाना जाता था। वे जनता से सीधे जुड़े रहने वाले नेता थे और उनके व्यवहार ने उन्हें सभी वर्गों में सम्मान दिलाया।
परिवार के अनुसार, उनके परिजनों के विदेश से वापस लौटने के बाद अंतिम संस्कार किया जाएगा। उनके निधन पर विभिन्न राजनीतिक नेताओं और सामाजिक संगठनों ने गहरा दुख व्यक्त किया है।






