केवल भाजपा ही बना सकती है प्रदेश को नंबर वन
पटियाला, 4 जनवरी 2026: हरियाणा के मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी रविवार को राजपुरा के कस्बा घनौर पहुंचे, जहां उन्होंने भाजपा कार्यकर्ताओं से मुलाकात की। इस दौरान उन्होंने कांग्रेस और आम आदमी पार्टी पर तीखा हमला बोलते हुए कहा कि पंजाब के लोगों को सरकारों से बड़ी उम्मीदें थीं, चाहे वह कांग्रेस की सरकार हो या ‘आप’ की, लेकिन दोनों ने सिर्फ वोट हासिल करने के लिए झूठे वादे किए।
नायब सिंह सैनी ने कहा कि न तो कांग्रेस और न ही आम आदमी पार्टी अपने वादों पर खरी उतरी। दोनों ही दल भ्रष्टाचार में लिप्त हो गए और जनता के भरोसे को तोड़ा। उन्होंने दावा किया कि केवल भारतीय जनता पार्टी ही पंजाब को देश का नंबर एक राज्य बना सकती है।
उन्होंने वीबी-जी-राम-जी बिल का जिक्र करते हुए कहा कि मनरेगा में व्याप्त भ्रष्टाचार अब खत्म हो चुका है। पहले जहां 100 दिनों के रोजगार की गारंटी थी, अब इसे बढ़ाकर 125 दिनों की गारंटी कर दी गई है। उन्होंने कहा कि यह धन गांवों में विकास कार्यों पर खर्च किया जाएगा, जिससे आम जनता को सीधा लाभ मिलेगा।
नायब सिंह सैनी ने आरोप लगाया कि कांग्रेस जनता को गुमराह कर रही है, जबकि भाजपा विकास और पारदर्शिता के रास्ते पर चल रही है।






