लुधियाना, 3 जनवरी 2026: लुधियाना पुलिस कमिश्नरेट की दो अलग-अलग टीमों ने नशीले पदार्थों के सेवन और तस्करी के खिलाफ कार्रवाई करते हुए तीन व्यक्तियों को अलग-अलग स्थानों से गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपियों के खिलाफ एनडीपीएस एक्ट के तहत मामला दर्ज कर लिया है।
पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से नशीले पदार्थों के सेवन में इस्तेमाल होने वाला सामान बरामद किया है, जिसमें चांदी की फॉइल, एक लाइटर और 10 रुपये के नोट शामिल हैं।
सदर थाना पुलिस ने धांधरा गांव के मैदान से मनदीप सिंह उर्फ टोनी और मनदीप सिंह उर्फ दीपा को गिरफ्तार किया। इस संबंध में हैंड कांस्टेबल कर्मवीर सिंह ने बताया कि जब पुलिस टीम ग्रीन सिटी धांधरा रोड पर गश्त कर रही थी, तभी उन्हें सूचना मिली कि दोनों युवक नशे के आदी हैं। सूचना के आधार पर तुरंत कार्रवाई करते हुए दोनों को काबू कर लिया गया।
वहीं, डिवीजन नंबर 6 थाना पुलिस ने मिलरगंज जीटी रोड पर कूड़े के डंप के पास से शिवा नामक युवक को गिरफ्तार किया। सब-इंस्पेक्टर सुबेग सिंह ने बताया कि उनकी टीम जीटी रोड मिलरगंज इलाके में गश्त कर रही थी, तभी आरोपी के बारे में सूचना मिली और उसे मौके से पकड़ लिया गया।
पुलिस का कहना है कि नशे के खिलाफ अभियान लगातार जारी रहेगा और इस तरह की गतिविधियों में शामिल लोगों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी।






