विभाग को भ्रष्टाचार मुक्त बनाने के लिए किसी भी कीमत पर समझौता नहीं किया जाएगा – मेयर कुंदन गोगिया
पटियाला, 3 जनवरी 2026 : पटियाला नगर निगम में पुराने विकास कार्यों से संबंधित फाइलें और माप-किताब रजिस्टर (एमबी) न मिलने का मामला एक बार फिर गंभीर होता नजर आ रहा है। नगर निगम के मेयर कुंदन गोगिया द्वारा पुराने कार्यों से संबंधित एमबी की मांग किए जाने के बावजूद अब तक यह रिकॉर्ड उपलब्ध नहीं कराया गया है, जिससे संदेह और गहरा हो गया है। जानकारी के अनुसार इस मामले में कुछ ठेकेदारों और अधिकारियों द्वारा टालमटोल की जा रही है।
उल्लेखनीय है कि मेयर द्वारा कई बार लिखित और मौखिक रूप से एमबी और संबंधित फाइलों की मांग की गई, लेकिन हैरानी की बात यह है कि कई सप्ताह बीत जाने के बावजूद भी रिकॉर्ड पेश नहीं किया गया। इस स्थिति ने यह सवाल खड़ा कर दिया है कि कहीं नगर निगम में हुए पुराने विकास कार्यों में गड़बड़ियों को छिपाने की कोशिश तो नहीं की जा रही। बताया जा रहा है कि एमबी सामने आने पर करोड़ों रुपये के विकास कार्यों में बड़े घोटालों का खुलासा हो सकता है। वहीं, संबंधित अधिकारियों द्वारा सहयोग न किए जाने से मेयर की चिंता और बढ़ गई है।
इस संबंध में मेयर कुंदन गोगिया ने स्पष्ट किया कि यदि जल्द ही मांगा गया रिकॉर्ड उपलब्ध नहीं कराया गया तो वे दोबारा विजिलेंस विभाग का रुख करेंगे। उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री भगवंत सिंह मान के निर्देशों के अनुसार पंजाब को भ्रष्टाचार मुक्त बनाने के लिए किसी भी कीमत पर समझौता नहीं किया जाएगा।
मेयर ने दो टूक शब्दों में कहा कि नगर निगम शहरवासियों के टैक्स के पैसे से चलता है और हर एक रुपये का हिसाब होना जरूरी है। यदि कोई अधिकारी या ठेकेदार रिकॉर्ड छिपाकर या टालमटोल करके जांच से बचने की कोशिश करता है तो यह कानूनी अपराध है और उसके खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी।
उन्होंने शहरवासियों को भरोसा दिलाया कि पटियाला के विकास के साथ कोई समझौता नहीं होने दिया जाएगा और सच्चाई को सामने लाने के लिए हर संभव कदम उठाया जाएगा।
फोटो: बैठक के दौरान मेयर कुंदन गोगिया और अन्य अधिकारी






