अमृतसर पुलिस का बड़ा एक्शन
अमृतसर, 30 दिसंबर 2025: अमृतसर कमिश्नरेट पुलिस ने नशे की तस्करी के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए पाकिस्तानी कनेक्शन से जुड़े एक अंतरराष्ट्रीय ड्रग तस्करी गिरोह का पर्दाफाश किया है। पुलिस ने इस मामले में सात युवकों को गिरफ्तार कर उनके कब्जे से 4.75 किलोग्राम हेरोइन, 1 किलोग्राम मेथामफेटामाइन (आइस ड्रग) और एक 9 एमएम ग्लॉक पिस्तौल बरामद की है।
पुलिस कमिश्नर गुरप्रीत सिंह भुल्लर ने प्रेस कॉन्फ्रेंस में बताया कि प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि नशीले पदार्थ पाकिस्तान से भारत में तस्करी कर लाए जा रहे थे और सोशल मीडिया के जरिए संचालित एक स्थानीय मॉड्यूल के माध्यम से पंजाब में इनकी सप्लाई की जा रही थी। अमृतसर और गुरदासपुर के सीमावर्ती इलाके तस्करी के मुख्य रूट बने हुए थे।
उन्होंने बताया कि सबसे पहले जसबीर और जसपाल को गिरफ्तार किया गया था। इसके बाद जांच के दौरान अनमोल, हरपिंदर और तरुण को पकड़ा गया। अंत में दविंदर और मनदीप की गिरफ्तारी के साथ 1 किलोग्राम आइस ड्रग भी बरामद की गई। पुलिस के अनुसार जसबीर समेत कुछ अन्य आरोपियों के खिलाफ पहले भी नशा तस्करी के मामले दर्ज हैं।
कमिश्नर भुल्लर ने आगे खुलासा किया कि गिरफ्तार युवकों में से एक करीब डेढ़ साल पहले दुबई से भारत लौटा था, जहां उसके पाकिस्तानी तस्करों से संपर्क बने थे। नशे की तस्करी और हवाला लेन-देन दुबई के जरिए किए जा रहे थे। उन्होंने बताया कि आइस ड्रग का इस्तेमाल कर हेरोइन तैयार करने की योजना भी बनाई जा रही थी।
पुलिस ने इस कार्रवाई को बड़ी सफलता बताते हुए कहा कि मामले की गहन जांच जारी है और आने वाले दिनों में और भी अहम खुलासे होने की संभावना है।






