रेलवे ट्रैक ब्रिज पर 6 वाहन आपस में टकराए
तरनतारन 28 दिसंबर 2025: इलाके में छाए घने कोहरे के चलते आज तड़के पत्ती मोड़ स्थित रेलवे ट्रैक के ब्रिज पर एक बड़ा सड़क हादसा हो गया। कम विजिबिलिटी के कारण एक के बाद एक करीब छह वाहन आपस में टकरा गए, जिससे मौके पर अफरा-तफरी मच गई।
थाना सदर पत्ती के एएसआई मलकीत सिंह ने बताया कि कोट बुद्धा वाली साइड से रेत से भरा एक टिपर आ रहा था। घने कोहरे के कारण तेज रफ्तार से आ रही एक कार टिपर से टकरा गई, जिससे संतुलन बिगड़ने पर टिपर पुल पर ही पलट गया।
टिपर के पलटते ही पीछे से आ रहे अन्य वाहन भी समय पर ब्रेक नहीं लगा सके और एक-दूसरे से टकरा गए, जिससे यह हादसा चेन रिएक्शन में बदल गया।
सौभाग्य से इस हादसे में कोई जानी नुकसान नहीं हुआ, हालांकि कई वाहनों को भारी नुकसान पहुंचा है। घटना के बाद पुलिस ने तुरंत मौके पर पहुंचकर सड़क को साफ कराया और यातायात को बहाल किया।
पुलिस ने वाहन चालकों से अपील की है कि घने कोहरे के दौरान सावधानी बरतें और धीमी गति से वाहन चलाएं, ताकि इस तरह की दुर्घटनाओं से बचा जा सके।






