31 वर्षीय विधवा ने मां और 9 वर्षीय बेटे संग की आत्महत्या, वीडियो में 10 लोगों पर लगाए आरोप
मलेरकोटला, 25 दिसंबर 2025: पंजाब के जिला मलेरकोटला के गांव भूदन में एक बेहद दुखद घटना सामने आई है, जहां 31 वर्षीय विधवा महिला ने अपनी बुजुर्ग मां और 9 वर्षीय बेटे के साथ जहरीला पदार्थ निगलकर आत्महत्या कर ली। मृतकों की पहचान इंदरपाल कौर (31), उनके बेटे जॉर्डन सिंह (9) और मां हरदीप कौर के रूप में हुई है।
जानकारी के अनुसार, इंदरपाल कौर के पति पवनदीप सिंह का कुछ वर्ष पहले निधन हो चुका था और उनकी मां उनके साथ ही रह रही थीं। इंदरपाल कौर और हरदीप कौर की मौत रात में हो गई, जबकि जॉर्डन सिंह ने सुबह अस्पताल ले जाते समय दम तोड़ दिया। बताया गया कि सुबह आंख खुलने पर जॉर्डन ने अपनी मां और नानी को मृत पाया और परिजनों को सूचना दी, जिसके बाद हड़कंप मच गया।
थाना संदौड़ के प्रभारी इंस्पेक्टर गगनदीप सिंह ने बताया कि आत्महत्या से पहले इंदरपाल कौर ने एक वीडियो रिकॉर्ड किया था, जिसमें उन्होंने पड़ोसी परिवारों और रिश्तेदारों समेत 10 लोगों को अपनी मौत के लिए जिम्मेदार ठहराया है। पुलिस ने मृतका के भाई कुलदीप सिंह के बयान पर मामला दर्ज कर लिया है।
पुलिस के अनुसार, थाना संदौड़ में दर्ज एफआईआर नंबर 203 के तहत वीडियो में नामजद किए गए 10 लोगों के खिलाफ केस दर्ज किया गया है। मामले की जांच जारी है और सभी पहलुओं की गहनता से पड़ताल की जा रही है।






