एल एंड टी कंपनी ने पूरी जानकारी देकर काम जल्द पूरा करने का भरोसा दिया – कमिश्नर परमजीत सिंह
पटियाला, 24 दिसंबर :– नगर निगम पटियाला द्वारा शहर में सरफेस वाटर सप्लाई से जुड़े कार्यों को तेज़ी से आगे बढ़ाने के लिए नया शेड्यूल जारी किया गया है। इस संबंध में नगर निगम के आयुक्त परमजीत सिंह ने जानकारी देते हुए बताया कि सरफेस वाटर परियोजना पर कार्य कर रही एल एंड टी कंपनी ने निगम को पूरा सहयोग देने और निर्धारित समय में कार्य पूरा करने का आश्वासन दिया है।
आयुक्त ने बताया कि एल एंड टी कंपनी द्वारा दी गई जानकारी के अनुसार 25 दिसंबर 2025 से 31 दिसंबर 2025 तक शहर के विभिन्न क्षेत्रों में पानी की पाइप लाइनों की मरम्मत, नए वाल्व लगाने तथा नई पाइप लाइन बिछाने का कार्य युद्ध स्तर पर किया जाएगा। इसका मुख्य उद्देश्य शहरवासियों को निर्बाध और सुचारु जल आपूर्ति सुनिश्चित करना है।
उन्होंने आगे बताया कि जल आपूर्ति एवं सीवरेज विभाग द्वारा पूर्व में चलाई गई विशेष मरम्मत मुहिम के तहत 4 दिसंबर से 24 दिसंबर के बीच निर्धारित अधिकांश विकास कार्य सफलतापूर्वक पूरे कर लिए गए हैं। इन कार्यों के परिणामस्वरूप कई क्षेत्रों में जल आपूर्ति व्यवस्था में उल्लेखनीय सुधार देखने को मिला है।
आयुक्त परमजीत सिंह ने कहा कि नगर निगम शहरवासियों को हो रही जल संबंधी समस्याओं को गंभीरता से ले रहा है और सरफेस वाटर परियोजना से जुड़े सभी कार्यों की लगातार निगरानी की जा रही है। जिन क्षेत्रों में कार्य किया जाना है, वहां के निवासियों को पहले से सूचित किया जाएगा ताकि वे आवश्यक प्रबंध कर सकें।
नगर निगम ने शहरवासियों से अपील की है कि कार्य के दौरान प्रशासन का सहयोग करें और अस्थायी असुविधाओं को ध्यान में रखते हुए धैर्य बनाए रखें, ताकि भविष्य में पटियाला को बेहतर और स्थायी जल आपूर्ति मिल सके।
विशेष बॉक्स
25 से 31 दिसंबर तक इन क्षेत्रों में होगा मरम्मत कार्य
- तेजबाग कॉलोनी एवं राय माजरा (जोन–12)
कार्य: आईसी पाइपों की मरम्मत, ब्रिक चैंबर निर्माण एवं पाइप लाइन बिछाना
अवधि: 25 से 31 दिसंबर (विभिन्न चरणों में) - माल रोड (अपर एवं लोअर) और भरपूर गार्डन (जोन–17)
कार्य: अग्रसेन चौक व भसीन ड्राइविंग स्कूल के पास वाल्व स्थापना एवं चैंबर निर्माण
अवधि: 26 से 31 दिसंबर - मथुरा कॉलोनी (जोन–12)
कार्य: स्लूइस वाल्व ठीक करना एवं स्लैब मरम्मत
तिथि: 25–26 दिसंबर एवं 30 दिसंबर - मोतीबाग और गुरु तेग बहादुर कॉलोनी (जोन–16)
कार्य: ब्रिक चैंबर एवं वाल्व कार्य
अवधि: 29 से 31 दिसंबर - शीश महल और मार्कल कॉलोनी (जोन–16)
कार्य: नई पाइप लाइन बिछाने का कार्य
अवधि: 25 से 30 दिसंबर
इसके अतिरिक्त सनी एन्क्लेव, मोरा स्ट्रीट, न्यू लाल बाग, ढिल्लों कॉलोनी, बुद्धा दल पब्लिक स्कूल के पास तथा चीमा बाग क्षेत्रों में भी कार्य युद्ध स्तर पर किया जाएगा।
विशेष बॉक्स
4 से 24 दिसंबर के दौरान इन क्षेत्रों में हुए विकास कार्य पूरे
तेजबाग कॉलोनी, राय माजरा, मथुरा कॉलोनी, अपर एवं लोअर माल रोड, अग्रसेन चौक, भसीन ड्राइविंग स्कूल के पास, भरपूर गार्डन, शीश महल कॉलोनी, मार्कल कॉलोनी, मोतीबाग कॉलोनी, गुरु तेग बहादुर कॉलोनी, सनी एन्क्लेव, मोरा स्ट्रीट, न्यू लाल बाग, ढिल्लों कॉलोनी, हरि सिंह नलवा–पीली सड़क की ओर, बुद्धा दल पब्लिक स्कूल के पास और चीमा बाग आदि और कई इलाके ।
इन कार्यों को अंतिम रूप दे दिया गया है। बीते सप्ताह शहर के प्रमुख क्षेत्रों में पुरानी पाइप लाइनों की मरम्मत तथा नए वाल्व लगाने का कार्य किया गया। रिपोर्ट के अनुसार लगभग सभी परियोजनाएं पूरी हो चुकी हैं और शेष कार्य भी शीघ्र पूरे कर लिए जाएंगे।






