चंडीगढ़, 22 दिसंबर 2025: पंजाब विधानसभा अध्यक्ष कुलतार सिंह संधवां ने सोमवार को साइकिलिंग के क्षेत्र में बड़ी उपलब्धि हासिल करने वाले गुरप्रीत सिंह कामोन को सम्मानित किया। कामोन ने साइकिल चलाकर डेढ़ लाख किलोमीटर की दूरी पूरी की है। वे मालवा क्षेत्र के प्रसिद्ध कोटकपूरा साइकिल राइडर्स (रजि.) क्लब के सदस्य हैं। इस अवसर पर अध्यक्ष संधवां ने कहा कि कामोन की इस उपलब्धि पर पूरे क्षेत्र को गर्व है।
गुरप्रीत सिंह कामोन पिछले 5 से 6 वर्षों से साइकिलिंग से सक्रिय रूप से जुड़े हुए हैं। उनका लगातार 100 दिनों तक प्रतिदिन 100 किलोमीटर साइकिल चलाने का रिकॉर्ड एशिया बुक ऑफ रिकॉर्ड्स और इंडिया बुक ऑफ रिकॉर्ड्स में दर्ज है।
विधानसभा अध्यक्ष ने बताया कि कामोन अब तक चार दर्जन से अधिक साइकिलिंग प्रतियोगिताओं में भाग ले चुके हैं और फरीदकोट जिले का नाम रोशन किया है। उन्हें सुपर रैंडोन्योर, स्टार इंडिपेंडेंट अवॉर्ड और यूएसआईएस कंपनी द्वारा भारतीय रत्न पुरस्कार जैसे कई सम्मान भी प्राप्त हो चुके हैं।
इस मौके पर कुलतार सिंह संधवां ने लोगों से स्वस्थ जीवनशैली अपनाने के लिए नियमित व्यायाम, पैदल चलने और साइकिलिंग को अपनी दिनचर्या में शामिल करने की अपील की। उन्होंने कहा कि गुरप्रीत सिंह कामोन की उपलब्धियां बच्चों और युवाओं के लिए प्रेरणास्रोत हैं और यह संदेश देती हैं कि मजबूत इच्छाशक्ति से किसी भी उम्र में लक्ष्य हासिल किया जा सकता है।
विधानसभा अध्यक्ष ने गुरप्रीत सिंह कामोन के परिवार और कोटकपूरा साइकिल राइडर टीम के सभी सदस्यों को भी इस ऐतिहासिक उपलब्धि के लिए बधाई दी और उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की। इस अवसर पर मनप्रीत सिंह ढालीवाल, रबाब सिंह और जसनप्रीत कौर ढालीवाल भी उपस्थित रहे।






