मृत महिला की अदला-बदली से हुआ अंतिम संस्कार, परिजनों का हंगामा
लुधियाना 22 दिसंबर 2025: लुधियाना के एक निजी ऑरिसन अस्पताल में गंभीर लापरवाही का मामला सामने आया है। इलाज के दौरान मृत हुई महिला जसवीर कौर का शव अस्पताल की मोर्चरी से रहस्यमय तरीके से गायब हो गया। जब परिजन अंतिम संस्कार के लिए शव लेने अस्पताल पहुंचे, तो उन्हें बताया गया कि जसवीर कौर का शव वहां मौजूद ही नहीं है।
मिली जानकारी के अनुसार, इलाज के दौरान जसवीर कौर की शुक्रवार को मौत हो गई थी, जिसके बाद अस्पताल प्रबंधन ने शव को मोर्चरी में रखवा दिया था। शनिवार सुबह जब परिवार के सदस्य शव लेने पहुंचे, तो उन्हें जो शव दिखाया गया, वह उनके परिजन का नहीं था। बाद में पता चला कि जसवीर कौर का शव किसी अन्य परिवार को सौंप दिया गया और उसका कहीं और अंतिम संस्कार भी कर दिया गया।
इस घटना के बाद गुस्साए परिजनों ने अस्पताल परिसर में जमकर हंगामा किया और अस्पताल प्रबंधन पर घोर लापरवाही और अनदेखी के गंभीर आरोप लगाए। परिजनों ने बताया कि वे मोगा जिले के रहने वाले हैं और उनका गांव धर्मकोट के पास स्थित है। उन्होंने जसवीर कौर को इलाज के लिए लुधियाना के ऑरिसन अस्पताल में भर्ती कराया था, जहां इलाज के दौरान उसकी मौत हो गई।
परिवार का कहना है कि आज जसवीर कौर का अंतिम संस्कार किया जाना था और इस मौके पर बड़ी संख्या में रिश्तेदार भी पहुंच चुके थे, लेकिन अस्पताल की लापरवाही के कारण वे अपने ही परिजन का अंतिम दर्शन तक नहीं कर पाए।
घटना की सूचना मिलते ही पुलिस और संबंधित अधिकारी मौके पर पहुंच गए। मामले की जांच की जा रही है कि शव की अदला-बदली कैसे हुई और इसके लिए जिम्मेदार कौन है। इस घटना ने निजी अस्पतालों की कार्यप्रणाली पर एक बार फिर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं।






