लुधियाना, 22 दिसंबर 2025: लुधियाना के हैबोवाल थाना क्षेत्र के न्यू संत नगर इलाके में पति-पत्नी के बीच चल रहे घरेलू विवाद ने खौफनाक रूप धारण कर लिया। यहां एक पति ने अपनी पत्नी पर कुल्हाड़ी से हमला कर उसकी बेरहमी से हत्या कर दी। पुलिस ने आरोपी पति के खिलाफ हत्या की धारा के तहत मामला दर्ज कर लिया है।
पुलिस को दिए बयान में मृतका गुड्डी की 34 वर्षीय बेटी रिंकी ने बताया कि उसकी मां ने तीन शादियां की थीं। करीब चार साल पहले गुड्डी ने मनोज कुमार नामक व्यक्ति से कोर्ट मैरिज की थी। शादी के बाद से ही दोनों के बीच लगातार विवाद होता रहता था।
रिंकी के अनुसार, मनोज और गुड्डी के बीच अक्सर इस बात को लेकर झगड़ा होता था कि उनके कोई संतान नहीं है। आरोपी मनोज गुड्डी के चरित्र पर भी शक करता था और कई बार उसे जान से मारने की धमकी दे चुका था।
20 दिसंबर की सुबह विवाद इतना बढ़ गया कि मनोज ने घर में रखी एक तेजधार कुल्हाड़ी से गुड्डी पर हमला कर दिया। हमले में गुड्डी के पेट पर गंभीर वार किए गए, जिससे उसकी हालत बेहद नाजुक हो गई और उसकी अंतड़ियां तक बाहर आ गईं।
घटना के बाद रिंकी को सूचना मिली कि उसके माता-पिता को घायल अवस्था में सिविल अस्पताल में भर्ती कराया गया है। जब वह अस्पताल पहुंची तो उसे पता चला कि उसकी मां की इलाज के दौरान मौत हो चुकी है। इस हमले में मनोज कुमार भी घायल हो गया था।
मृतका की बेटी रिंकी के बयान के आधार पर हैबोवाल थाना पुलिस ने आरोपी मनोज कुमार के खिलाफ धारा 103 बीएनएस (हत्या) के तहत केस दर्ज किया है। प्रारंभिक जांच में मामला घरेलू हिंसा और शक से जुड़ा बताया जा रहा है।
फिलहाल आरोपी मनोज अस्पताल में इलाज के अधीन है। पुलिस का कहना है कि मेडिकल रिपोर्ट और गवाहों के बयानों के आधार पर आगे की जांच की जा रही है। आरोपी के स्वस्थ होते ही उसे गिरफ्तार कर लिया जाएगा।






