चंडीगढ़, 21 दिसंबर 2025: मुख्यमंत्री भगवंत सिंह मान द्वारा शुरू किए गए नशा विरोधी अभियान ‘युद्ध नशियां विरुद्ध’ के तहत पंजाब पुलिस ने लगातार 295वें दिन बड़ी कार्रवाई की। रविवार को राज्यभर में 366 स्थानों पर छापेमारी कर 122 एफआईआर दर्ज की गईं और 151 नशा तस्करों को गिरफ्तार किया गया। इसके साथ ही अब तक गिरफ्तार कुल नशा तस्करों की संख्या बढ़कर 41,207 हो गई है।
पुलिस कार्रवाई के दौरान आरोपियों के कब्जे से 3.1 किलोग्राम हेरोइन, 2454 नशीली गोलियां/कैप्सूल और 18,560 रुपये की ड्रग मनी बरामद की गई।
मुख्यमंत्री भगवंत सिंह मान ने राज्य को नशामुक्त बनाने के लिए पुलिस कमिश्नरों, उपायुक्तों और वरिष्ठ पुलिस अधीक्षकों को सख्त निर्देश दिए हैं। नशे के खिलाफ इस अभियान की निगरानी के लिए पंजाब सरकार ने वित्त मंत्री हरपाल सिंह चीमा की अगुवाई में पांच सदस्यीय कैबिनेट उपसमिति का गठन भी किया है।
इस अभियान में 120 से अधिक पुलिस टीमों ने भाग लिया, जिनमें 1000 से ज्यादा पुलिसकर्मी और 70 राजपत्रित अधिकारी शामिल थे। दिनभर चली कार्रवाई के दौरान 364 संदिग्ध व्यक्तियों की भी जांच की गई।
पंजाब सरकार नशे के उन्मूलन के लिए एन्फोर्समेंट, डि-एडिक्शन और प्रिवेंशन (EDP) की तीन स्तरीय रणनीति पर काम कर रही है। इसी कड़ी में पुलिस ने आज 9 लोगों को नशा मुक्ति और पुनर्वास उपचार के लिए भी प्रेरित किया।






