दुबई 21 दिसंबर 2025: पाकिस्तान ने दूसरी बार अंडर-19 एशिया कप का खिताब अपने नाम कर लिया है। रविवार को खेले गए फाइनल मुकाबले में पाकिस्तान ने भारत को 191 रनों के बड़े अंतर से शिकस्त दी। समीर मिनहास की शानदार शतकीय पारी की बदौलत पाकिस्तान ने भारत के सामने 348 रनों का विशाल लक्ष्य रखा।
लक्ष्य का पीछा करने उतरी भारतीय टीम 26.1 ओवर में मात्र 159 रन पर सिमट गई। ओपनर वैभव सूर्यवंशी 26 रन ही बना सके, जबकि दीपेश देवेंद्रन ने सर्वाधिक 36 रन बनाए। पाकिस्तान की ओर से अली रज़ा ने चार विकेट झटके, वहीं मोहम्मद सयाम, हुजैफा एहसान और अब्दुल सुभान ने दो-दो विकेट लिए।
इससे पहले भारतीय कप्तान आयुष महात्रे ने टॉस जीतकर पहले गेंदबाजी का फैसला किया। पाकिस्तान ने 50 ओवर में 8 विकेट पर 347 रन बनाए। समीर मिनहास ने 113 गेंदों पर 172 रनों की शानदार पारी खेली, जबकि अहमद हुसैन ने 56 रन जोड़े। भारत के लिए दीपेश देवेंद्रन ने तीन विकेट लिए, जबकि खिलन पटेल और हेनिल पटेल को दो-दो सफलताएं मिलीं।
पाकिस्तान की इस दमदार जीत के साथ उसने दूसरी बार अंडर-19 एशिया कप की ट्रॉफी पर कब्जा जमाया।






