अमृतसर 19 दिसंबर 2025 आईपीएल 2026 की मिनी नीलामी में अमृतसर के युवा क्रिकेटर सलिल अरोड़ा के चयन से शहर में खुशी की लहर दौड़ गई है। इस उपलब्धि के बाद जब सलिल अपने घर पहुंचे तो उनका जोरदार और भव्य स्वागत किया गया। क्रिकेट मैदान पर पहुंचते ही दोस्तों, साथी खिलाड़ियों और प्रशंसकों ने उन्हें बधाइयां दीं।
इस खास मौके पर उनके कोच चंदन मदान ने मिठाई खिलाकर खुशी साझा की और सलिल की मेहनत व लगन की सराहना की। कोच ने कहा कि सलिल ने कड़ी मेहनत के दम पर यह मुकाम हासिल किया है और आने वाले समय में वह अमृतसर का नाम और रोशन करेंगे।
भारतीय क्रिकेट टीम के खिलाड़ी अभिषेक शर्मा के बाद सलिल अरोड़ा अमृतसर के दूसरे ऐसे बल्लेबाज बन गए हैं, जिन्हें इंडियन प्रीमियर लीग जैसे बड़े टूर्नामेंट में अपनी प्रतिभा दिखाने का अवसर मिला है।
सलिल की इस सफलता से न सिर्फ उनके परिवार में बल्कि पूरे अमृतसर शहर में गर्व और उत्साह का माहौल है। स्थानीय लोगों को उम्मीद है कि वह आईपीएल में शानदार प्रदर्शन कर युवाओं के लिए प्रेरणा बनेंगे।






