चंडीगढ़, 17 दिसंबर 2025: लुधियाना सेंट्रल जेल में हाल ही में हुई झड़प को लेकर पुलिस कमिश्नर स्वप्न शर्मा ने बताया कि दो कैदियों के बीच आपसी विवाद हो गया था। स्थिति को नियंत्रित करने के लिए जेल सुपरिंटेंडेंट ने एक कैदी को दूसरे वार्ड में बंद कर दिया। इसके बाद उक्त कैदी ने लौटकर अन्य कैदियों को भड़काया, जिसके चलते उन्होंने पुलिस कर्मचारियों पर ईंटों से हमला कर दिया।
घटना की सूचना मिलते ही थाने से अतिरिक्त पुलिस बल मौके पर भेजा गया। पुलिस के अनुसार, इस हमले में दो अधिकारियों समेत कुल पांच पुलिस कर्मचारी घायल हुए हैं।
पुलिस कमिश्नर ने बताया कि मामले में 24 लोगों के खिलाफ एफआईआर दर्ज की गई है। उन्होंने सख्त चेतावनी देते हुए कहा कि कानून तोड़ने वालों को किसी भी सूरत में बख्शा नहीं जाएगा और उनके खिलाफ कड़ी कार्रवाई की जाएगी।






