रायपुर : केन्द्रीय गृह एवं सहकारिता मंत्री अमित शाह ने छत्तीसगढ़ के जगदलपुर में बस्तर ओलंपिक के समापन समारोह को संबोधित करते हुए कहा कि सरकार ने 31 मार्च 2026 से पहले पूरे देश से नक्सलवाद (लाल आतंक) समाप्त करने का संकल्प लिया है और बस्तर इस दिशा में निर्णायक मोड़ पर खड़ा है। उन्होंने भरोसा जताया कि बस्तर ओलंपिक-2026 तक छत्तीसगढ़ समेत पूरा देश नक्सलमुक्त हो जाएगा।
शाह ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के नेतृत्व में केंद्र और मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय के नेतृत्व में राज्य सरकार मिलकर बस्तर को विकसित आदिवासी संभाग बनाएंगी। उन्होंने घोषणा की कि कांकेर, कोंडागांव, बस्तर, सुकमा, बीजापुर, नारायणपुर और दंतेवाड़ा जिलों वाला बस्तर संभाग दिसंबर 2030 तक देश का सबसे विकसित आदिवासी क्षेत्र बनेगा।
उन्होंने बताया कि बस्तर के हर गांव को सड़क, बिजली, बैंकिंग सुविधा, स्वास्थ्य सेवाएं, आवास, पेयजल, गैस सिलेंडर, मुफ्त अनाज और इलाज की सुविधा दी जाएगी। साथ ही डेयरी, वन उपज प्रसंस्करण, उद्योग, शिक्षा, खेल, स्वास्थ्य और पुनर्वास योजनाओं के जरिए क्षेत्र में विकास को नई गति दी जाएगी।






