ईटानगर: अरुणाचल प्रदेश पुलिस ने दावा किया है कि उसने पाकिस्तान में बैठे हैंडलरों के लिए जासूसी गतिविधियों में शामिल होने के आरोप में जम्मू और कश्मीर से संबंध रखने वाले दो व्यक्तियों को गिरफ्तार किया है।
पुलिस के अनुसार, नज़ीर अहमद मलिक और साबिर अहमद मीर को ईटानगर के गंगा गांव और अबोटानी कॉलोनी से अलग-अलग छापेमारी के दौरान पकड़ा गया। प्रारंभिक जांच में पता चला है कि दोनों आरोपी जम्मू-कश्मीर के कुपवाड़ा जिले के निवासी हैं।
अरुणाचल प्रदेश पुलिस ने बताया कि दोनों युवक राज्य के कुछ इलाकों में सेना की गतिविधियों और महत्वपूर्ण स्थलों की जानकारी इकट्ठी कर रहे थे। यह जानकारी वे कथित तौर पर टेलीग्राम चैनल के माध्यम से पाकिस्तान में मौजूद हैंडलरों को भेज रहे थे।
पुलिस ने यह भी कहा कि साझा की गई जानकारी की सीमा का पता लगाने और इससे जुड़े नेटवर्क की पहचान करने के लिए आगे की जांच जारी है।






