अमृतसर/राजासांसी, 10 दिसंबर 2025: अमृतसर ग्रामीण पुलिस को एक बड़ी सफलता मिली है। आम आदमी पार्टी की वरिष्ठ नेता और राजासांसी हल्का इंचार्ज सोनिया मान को सोशल मीडिया पर जान से मारने की धमकी देने वाले आरोपी को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है।
राजासांसी के डीएसपी नीरज कुमार के अनुसार, आरोपित ने सोशल मीडिया पर भड़काऊ पोस्ट करते हुए सोनिया मान पर जानलेवा हमला करने की खुली धमकी दी थी।
सोशल मीडिया आईडी के जरिए दी गई थी गोली मारने की धमकी
सोनिया मान के सोशल मीडिया हैंडलर की ओर से पुलिस में लिखित शिकायत दर्ज करवाई गई। शिकायत में बताया गया कि 8 दिसंबर 2025 को @preet_jatit581 नामक आईडी से नेता को गोली मारकर हत्या करने जैसी धमकीभरी पोस्टें अपलोड की गई थीं।
मामले को गंभीरता से लेते हुए पुलिस ने तुरंत आईटी एक्ट 2000 और आर्म्स एक्ट की धारा 25 के तहत साइबर क्राइम पुलिस स्टेशन में केस दर्ज किया।
पुलिस ने तकनीकी जांच और ह्यूमन इंटेलिजेंस की मदद से आईडी चलाने वाले व्यक्ति की पहचान की।
आरोपी की पहचान गोपि निवासी भिंडी सैदां के रूप में हुई, जिसे तुरंत गिरफ्तार कर लिया गया।
पुलिस अधिकारियों ने बताया कि आरोपी से हर पहलू पर सख्ती से पूछताछ की जा रही है। जांच के दौरान मिलने वाले नए तथ्यों के आधार पर केस को आगे बढ़ाया जाएगा।
पुलिस प्रशासन ने स्पष्ट चेतावनी दी है कि—“किसी भी तरह की धमकी, हिंसा या कानून-विरोधी गतिविधि बर्दाश्त नहीं की जाएगी।”






