चंडीगढ़: पंजाब के वित्त मंत्री हरपाल सिंह चीमा ने आज प्रेस कॉन्फ्रेंस कर पूर्व मुख्यमंत्री कैप्टन अमरिंदर सिंह और शिरोमणि अकाली दल पर तीखा हमला बोला। हाल ही में कैप्टन अमरिंदर द्वारा अकाली-भाजपा गठजोड़ को लेकर दिए गए बयान के बाद राज्य की राजनीति में हलचल मच गई है। इसी संदर्भ में आम आदमी पार्टी की यह बड़ी प्रतिक्रिया सामने आई है।
चीमा ने कहा कि “जितने भी नकारे हुए नेता हैं, वे सभी एक मंच पर आना चाहते हैं। कैप्टन अमरिंदर सिंह को जब मुख्यमंत्री पद से हटाया गया था, तो वे भाजपा में चले गए। कांग्रेस में रहते हुए भी उनके भाजपा से संबंध थे। वे दल बदलने में माहिर हैं।”
उन्होंने आरोप लगाया कि इन नेताओं का उद्देश्य सिर्फ पंजाब की सत्ता पर कब्जा करना है। जिन लोगों ने पंजाब की युवापीढ़ी को बरबाद किया, वही आज फिर एकजुट होकर सत्ता हासिल करना चाहते हैं। चीमा ने कहा कि आम आदमी पार्टी माफ़ियावाद को खत्म करने में लगी है, जिसे अकाली दल, कांग्रेस और उनके सहयोगियों ने जन्म दिया था।
चीमा ने आगे कहा कि “कैप्टन साहब और अकाली दल का साथ आना यह साबित करता है कि सारे चोर मिलकर पंजाब की राजनीति हड़पना चाहते हैं।”
उन्होंने दावा किया कि आम आदमी पार्टी ने जनता से किए सभी वादे पूरे किए हैं, और इसी कारण पुराने राजनीतिक दल परेशान हो रहे हैं।
चीमा ने यह भी कहा कि “कैप्टन या सुखबीर बादल चाहे जितने बयान दे दें, ये वही लोग हैं जिनके शासन में गुरु साहिबानों की बेअदबी हुई, किसानों पर लाठीचार्ज हुआ और काले कानून बने। आने वाले 20–25 साल इनकी दाल नहीं गलने वाली। पंजाब के लोगों ने इन्हें समझ लिया है और अब ये बख्शे नहीं जाएंगे।”






