चंडीगढ़, 22 नवंबर
आम आदमी पार्टी (आप) पंजाब के वरिष्ठ नेता और महासचिव बलतेज पन्नू ने आज एक बयान जारी करते हुए कहा कि पिछले 24 घंटों में अमृतसर और लुधियाना में गैंगस्टरों पर पंजाब पुलिस द्वारा की गई कार्रवाई, पंजाब सरकार की सख्त हिदायतों का सीधा नतीजा है। उन्होंने कहा कि पंजाब में अब ऐसी सरकार है जो गैंगस्टरों को सरपरस्ती नहीं देती, बल्कि उनका सफाया कर रही है।
विपक्ष पर तीखा हमला करते हुए पन्नू ने कहा कि पिछली सरकारों—अकाली दल और कांग्रेस—ने अपने कार्यकाल के दौरान गैंगस्टरों को राजनीतिक संरक्षण दिया और उन्हें फलने-फूलने दिया। लेकिन मुख्यमंत्री भगवंत मान की गैंगस्टरों के प्रति “ज़ीरो टॉलरेंस” नीति है।
उन्होंने कहा कि राज्य में किसी भी गैंगस्टर को सिर उठाने नहीं दिया जाएगा और कानून तोड़ने वाले को किसी भी कीमत पर बख्शा नहीं जाएगा। पन्नू ने कहा कि पंजाब की कानून-व्यवस्था अब पूरी तरह सुरक्षित हाथों में है, इसलिए जनता को डरने की कोई जरूरत नहीं है।
उन्होंने आश्वासन दिया कि ‘आप’ सरकार हर पंजाबी के साथ मजबूती से खड़ी है और प्रदेश की अमन-शांति किसी भी कीमत पर भंग नहीं होने दी जाएगी।
पन्नू ने कहा कि गैंगस्टरों और आपराधिक तत्वों के खिलाफ कार्रवाई तब तक जारी रहेगी, जब तक पंजाब को पूरी तरह “गैंगस्टर-मुक्त राज्य” नहीं बना दिया जाता।
उन्होंने अपराध के रास्ते पर चलने वालों को चेतावनी दी कि या तो वे अपराध छोड़ दें या फिर कड़े परिणाम भुगतने के लिए तैयार रहें।






