ढाका, 23 नवंबर 2025 : बांग्लादेश में कुदरत का कहर थमने का नाम नहीं ले रहा है। 24 घंटे के भीतर दो बार भूकंप के झटके महसूस किए गए, जिससे लोगों में दहशत फैल गई है। शनिवार सुबह राजधानी ढाका के पास 3.3 तीव्रता का झटका दर्ज किया गया। इससे पहले शुक्रवार को आए 5.7 तीव्रता के शक्तिशाली भूकंप ने भारी तबाही मचाई थी, जिसमें अब तक 9 लोगों की मौत हो चुकी है और 100 से ज्यादा घायल हैं।
बांग्लादेश मौसम विभाग के अधिकारी निजामुद्दीन अहमद ने बताया कि शनिवार सुबह 10:36 बजे आए भूकंप का केंद्र अशुलिया के बायपाइल क्षेत्र में था। भले ही यह झटका हल्का था, लेकिन शुक्रवार की घटना से डरे सहमे लोग एक बार फिर घरों से बाहर निकल आए।
8 मंजिला इमारत से गिरी दीवार, 3 की मौत
शुक्रवार का भूकंप सबसे ज्यादा विनाशकारी साबित हुआ। ढाका के अरमानीटोला इलाके में एक 8 मंजिला इमारत की दीवार और छज्जा गिरने से कई लोग मलबे की चपेट में आ गए। अस्पताल ले जाने पर डॉक्टरों ने तीन लोगों को मृत घोषित कर दिया। वहीं मुगदा मदीनाबाग में एक निर्माणाधीन इमारत की रेलिंग गिरने से सुरक्षा गार्ड मकसूद की मौत हो गई।
दहशत में भागते लोगों की जान गई
नरसिंहडी जिले में घबराकर ऊंची इमारतों से नीचे भाग रहे लोगों में भगदड़ मच गई, जिसमें चार लोगों की मौत हो गई। इसी दौरान 8 साल का बच्चा हाफिज उमर भी हादसे का शिकार हो गया। उसके पिता गंभीर हालत में ढाका मेडिकल कॉलेज अस्पताल में भर्ती हैं।
मिट्टी का घर ढहा, बुजुर्ग की मौत
पलाश उपजिला में मिट्टी का घर ढहने से 75 वर्षीय बुजुर्ग काजम अली भुइयां मलबे में दबकर चल बसे।
इस भीषण आपदा पर बांग्लादेश की अंतरिम सरकार के मुख्य सलाहकार मुहम्मद यूनुस ने गहरा दुख व्यक्त करते हुए प्रभावित परिवारों के प्रति संवेदना जताई है।






