रोहतक : हरियाणा के रोहतक के रहने वाले किक बॉक्सर साहिल जल्द ही शादी के बंधन में बंधने जा रहे हैं। उनका विवाह उत्तर प्रदेश के मेरठ की अंतरराष्ट्रीय जैवलिन थ्रोअर अन्नू रानी के साथ होने वाला है। दोनों 18 नवंबर को सात फेरे लेंगे, जबकि 19 नवंबर को रोहतक के एक बैंक्वेट हॉल में भव्य रिसेप्शन आयोजित किया जाएगा।
शादी समारोह में मेहमानों की संख्या सीमित रहेगी, लेकिन रिसेप्शन में बड़ी संख्या में मेहमानों के पहुंचने की उम्मीद है। केंद्रीय खेल मंत्री मनसुख मांडविया सहित कई मंत्री, खिलाड़ी और ओलंपियन भी इस समारोह में शामिल होने के लिए आमंत्रित हैं।
अन्नू रानी का खेल सफर काफी चुनौतियों से भरा रहा है। उन्होंने शुरुआत में खेतों में गन्ने के डंडे से जैवलिन थ्रो की प्रैक्टिस की। मेहनत और लगन के दम पर वह अंतरराष्ट्रीय स्तर पर भारत का नाम रोशन कर चुकी हैं।
वहीं, दूल्हे साहिल मूल रूप से रोहतक के सांपला गांव के निवासी हैं और फिलहाल रोहतक शहर की जनता कॉलोनी में रहते हैं। वह एक बेहतरीन किक बॉक्सर हैं और चार बार के नेशनल चैंपियन रह चुके हैं। जुलाई 2025 में छत्तीसगढ़ में आयोजित नेशनल चैंपियनशिप में उन्होंने कांस्य पदक जीता था।
साहिल के परिवार का कारोबार अमेरिका में है, जहां उनके वेयरहाउस और गैस स्टेशन हैं, जिनकी देखभाल उनके भाई करते हैं। उनके पिता रवि केंद्र सरकार के EPFO विभाग में कर्मचारी हैं, जबकि मां मुकेश देवी गृहिणी हैं।
मेरठ के बहादरपुर की रहने वाली अन्नू रानी का जन्म 28 अगस्त 1992 को किसान परिवार में हुआ। शुरुआत में उन्होंने खेत में ही गन्ने का भाला बनाकर प्रैक्टिस शुरू की। उनके भाई उपेंद्र ने उनकी प्रतिभा को पहचाना और उन्हें खेल की दुनिया में आगे बढ़ने के लिए प्रेरित किया।






