बरनाला, 7 नवंबर 2025: पंजाब के बरनाला जिले के भदौड़ हलके के गांव मेहता में शुक्रवार सुबह एक दर्दनाक घटना सामने आई। यहां एक दंपती 50 वर्षीय निर्मल सिंह नीमा और उनकी पत्नी 45 वर्षीय रमनदीप कौर ने जहरीला पदार्थ पीकर आत्महत्या कर ली।
परिवार के मुताबिक, इस आत्मघाती कदम के पीछे पत्नी के अवैध संबंध और पड़ोसी द्वारा की जा रही ब्लैकमेलिंग कारण बताई जा रही है।
दीवार पर लिखा सुसाइड नोट, वीडियो किया पोस्ट
निर्मल सिंह ने मरने से पहले कमरे की दीवार पर आरोपियों के नाम लिखे और सोशल मीडिया पर एक आखिरी वीडियो पोस्ट किया, जिसमें उन्होंने परिवार को बर्बाद करने वालों को मौत की सजा देने की मांग की।
पड़ोसी पर ब्लैकमेलिंग का आरोप
मृतक के भाई और बेटे के अनुसार, पड़ोस में रहने वाला एक व्यक्ति रमनदीप कौर के साथ अवैध संबंध रखता था और बाद में तस्वीरों व वीडियो के जरिए दंपती को ब्लैकमेल करने लगा। इस मानसिक प्रताड़ना से परेशान होकर दोनों ने आत्महत्या कर ली।
सूचना मिलते ही DSP गुरविंदर सिंह फोरेंसिक टीम के साथ मौके पर पहुंचे। पुलिस को सुसाइड नोट मिला है, जिसमें संबंधों और ब्लैकमेलिंग का जिक्र है। शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है और FIR दर्ज कर आरोपियों की तलाश जारी है।






