तरनतारन, 6 नवंबर 2025: आम आदमी पार्टी (आप) पंजाब की महिला विंग अध्यक्ष और विधायक अमनदीप कौर अरोड़ा ने कहा है कि मुख्यमंत्री भगवंत मान के नेतृत्व में राज्य सरकार केवल वादे नहीं कर रही, बल्कि महिलाओं सहित हर वर्ग की भलाई के लिए जमीनी स्तर पर काम करके दिखा रही है।
उन्होंने कहा कि ‘आप’ सरकार द्वारा शुरू की गई राज्य स्तरीय महिला स्वास्थ्य एवं रोजगार कैंप श्रृंखला महिलाओं के सशक्तीकरण की दिशा में एक ऐतिहासिक पहल है।
रोजगार के नए अवसर, जमीनी नतीजे
अरोड़ा ने बताया कि अब तक आयोजित कैंपों में 16 कंपनियों ने हिस्सा लिया है, जिनमें करीब 500 युवतियों ने रजिस्ट्रेशन करवाया। इनमें से 295 लड़कियों का चयन हुआ, जबकि 72 से अधिक को मौके पर ही नियुक्ति पत्र प्रदान किए गए।
“यह ‘आप’ सरकार का ‘रोजगार मॉडल’ है — जो वादों पर नहीं, बल्कि वास्तविक काम पर यकीन रखता है,” उन्होंने कहा।
महिला सशक्तीकरण की नई दिशा
‘आप’ महिला विंग अध्यक्ष ने आगे कहा कि भगवंत मान सरकार स्वयं सहायता समूहों (SHGs) के माध्यम से महिलाओं को आत्मनिर्भर और आर्थिक रूप से सशक्त बनाने के लिए ठोस कदम उठा रही है।
“राज्यभर में चलाए जा रहे इन प्रयासों से महिलाओं के जीवन में वास्तविक बदलाव आ रहा है,” अरोड़ा ने कहा।
तरनतारन उपचुनाव में ‘आप’ को बढ़त का भरोसा
तरनतारन उपचुनाव का जिक्र करते हुए अरोड़ा ने दावा किया कि सरकार के जन-हितैषी कामकाज के कारण लोग ‘आप’ उम्मीदवार हरमीत सिंह संधू को भारी बहुमत से जिताने का मन बना चुके हैं।
उन्होंने कहा — “तरनतारन के मतदाता जानते हैं कि हलके के चहुंमुखी विकास के लिए ‘आप’ सरकार प्रतिबद्ध है। मैं लोगों से अपील करती हूँ कि वे विकास की इस रफ्तार को और तेज करने के लिए हरमीत सिंह संधू को बड़ी लीड से विजयी बनाएं।”






