चंडीगढ़, 6 नवंबर (चौधरी छत्रपाल सिंह): श्री गुरु तेग बहादुर जी के 350वें शहीदी दिवस को श्रद्धा और सम्मान के साथ मनाने के लिए पंजाब सरकार ने व्यापक तैयारियाँ शुरू कर दी हैं।
पर्यटन और सांस्कृतिक मामलों के मंत्री तरुणप्रीत सिंह सौंद ने बताया कि यह ऐतिहासिक समारोह पंजाब की धार्मिक और सांस्कृतिक एकता का प्रतीक बनेगा।
चार नगर कीर्तन, 1563 किमी की यात्रा
मंत्री सौंद ने बताया कि इस अवसर पर चार बड़े नगर कीर्तन 19 नवंबर से अलग-अलग स्थानों से शुरू होंगे, जो कुल 1563 किलोमीटर की यात्रा तय करते हुए 22 नवंबर को श्री आनंदपुर साहिब पहुंचेंगे।
इन यात्राओं का आयोजन पर्यटन और सांस्कृतिक मामलों के विभाग की देखरेख में किया जा रहा है, जिसे इस समारोह के लिए नोडल विभाग नियुक्त किया गया है।
मुख्य नगर कीर्तन: श्रीनगर से श्री आनंदपुर साहिब तक
मुख्य नगर कीर्तन श्रीनगर से शुरू होकर जम्मू, पठानकोट, होशियारपुर और गढ़शंकर से होता हुआ 22 नवंबर को श्री आनंदपुर साहिब पहुंचेगा।
माझा-दोआबा रूट
दूसरा नगर कीर्तन गुरदासपुर से आरंभ होकर श्री अमृतसर साहिब, तरनतारन, जालंधर और बलाचौर से गुजरते हुए श्री आनंदपुर साहिब पहुंचेगा।
मालवा-1 और मालवा-2 रूट : मालवा-1 रूट: नगर कीर्तन फरीदकोट से शुरू होकर लुधियाना और फतेहगढ़ साहिब के रास्ते श्री आनंदपुर साहिब पहुंचेगा।
मालवा-2 रूट: यात्रा तलवंडी साबो से शुरू होकर संगरूर, पटियाला, मोहाली और रूपनगर से होती हुई श्री आनंदपुर साहिब पहुंचेगी।
आध्यात्मिक एकता का संदेश देगा यह आयोजन”
मंत्री सौंद ने कहा कि ये चारों नगर कीर्तन पूरे पंजाब को आध्यात्मिक एकता के सूत्र में जोड़ेंगे और लोगों को श्री गुरु तेग बहादुर जी की शिक्षाओं और बलिदान की महत्ता से अवगत कराएंगे।
उन्होंने विश्वभर की संगत से अपील की कि वे इन नगर कीर्तनों में शामिल होकर अपनी श्रद्धा प्रकट करें और श्री आनंदपुर साहिब में होने वाले समापन कार्यक्रमों में भाग लें।






