पटियाला, :
पंजाब के स्वास्थ्य एवं परिवार कल्याण मंत्री डॉ. बलबीर सिंह ने आज पटियाला के वार्ड नंबर 7 से 13 तक नशा मुक्ति यात्रा के दौरान स्थानीय लोगों को संबोधित करते हुए कहा कि नशा केवल एक व्यक्ति की नहीं, बल्कि पूरे परिवार की सामाजिक और आर्थिक स्थिति को प्रभावित करता है। उन्होंने कहा कि परिवार में किसी एक सदस्य का नशे की गिरफ्त में आना, पूरे घर को बर्बादी की कगार पर ला सकता है।
डॉ. बलबीर सिंह ने कहा कि नशे की दलदल में फंसे लोगों को पुनः सही राह पर लाने के लिए समाज को सामूहिक प्रयास करने होंगे। यदि अब भी हम नशे के खिलाफ एकजुट नहीं हुए, तो यह लड़ाई आने वाली पीढ़ियों के भविष्य के लिए गंभीर खतरा बन सकती है। उन्होंने जनता से आह्वान किया कि वे इस अभियान को दिल से समर्थन दें और पंजाब को देश का अग्रणी व प्रगतिशील राज्य बनाने में योगदान दें।
स्वास्थ्य मंत्री ने बताया कि पंजाब सरकार नशे के खिलाफ छेड़ी गई जंग को निर्णायक मोड़ तक ले जाने के लिए कटिबद्ध है। नशे के अवैध कारोबार में संलिप्त व्यक्तियों के विरुद्ध सख्त कार्रवाई की जा रही है और उनकी अवैध संपत्तियों को जब्त किया जा रहा है। उन्होंने कहा कि यह मुहिम अब एक जन आंदोलन में परिवर्तित हो चुकी है, और यह प्रत्येक नागरिक का नैतिक कर्तव्य है कि वह इसका समर्थन करे।
डॉ. बलबीर सिंह ने सभी उपस्थित नागरिकों को नशा मुक्त पंजाब के निर्माण के लिए प्रशासन और पुलिस का पूरा सहयोग देने की अपील की। उन्होंने सभी को इस अभियान में सक्रिय भागीदारी का संकल्प भी दिलाया।
इस अवसर पर नशा मुक्ति मोर्चा के मालवा ज़ोन कोऑर्डिनेटर जगदीप जग्गा ने कहा कि मुख्यमंत्री श्री भगवंत मान की अगुवाई में शुरू हुई यह लड़ाई अब एक व्यापक जन जागरूकता अभियान बन चुकी है। लोग स्वेच्छा से इसमें भाग लेकर समाज को नशामुक्त बनाने के लिए आगे आ रहे हैं।
इस मौके पर एस.डी.एम. हरजोत कौर, डी.एस.पी. मनोज गोरसी, डिप्टी मेयर जगदीप जग्गा, काउंसलर सुरजीत सिंह अबलोवाल, जसवीर गांधी, कुलबीर कौर, शंकर लाल, नेहा, शिवराज सिंह विरक, निर्मल देवी, झिरमलजीत कौर, जय शंकर, हरपाल सिंह विरक, जसविंदर सिंह, वेद कपूर और रविंदर सिंह रवि सहित बड़ी संख्या में स्थानीय निवासी उपस्थित रहे।






