युवाओं ने जिमी गुप्ता पर जताया भरोसा, माधव सिंगला की उम्मीदों को लगा झटका
पटियाला, 22 जून,2026 : पटियाला जिला यूथ कांग्रेस के चुनावों में वरिष्ठ कांग्रेसी नेता मोहित महिंद्रा के गुट ने शानदार प्रदर्शन करते हुए अपनी मजबूत पकड़ साबित की है। चुनाव परिणामों के अनुसार मोहित महिंद्रा के समर्थक जिमी गुप्ता ने अपने प्रतिद्वंद्वी माधव सिंगला को करीब एक हजार वोटों के बड़े अंतर से हराकर जीत दर्ज की।
चुनाव परिणाम सामने आने के बाद जिमी गुप्ता के समर्थकों में खुशी की लहर दौड़ गई। उनके कार्यालय और शहर के विभिन्न हिस्सों में समर्थकों द्वारा मिठाइयां बांटी गईं और एक-दूसरे को बधाई दी गई। इस मौके पर जिमी गुप्ता ने अपनी जीत का श्रेय पार्टी कार्यकर्ताओं और यूथ कांग्रेस के मतदाताओं को देते हुए कहा कि वह युवाओं की उम्मीदों पर खरा उतरने के लिए पूरी ईमानदारी से काम करेंगे।
मोहित महिंद्रा ने कहा कि यूथ कांग्रेस के मंच को और मजबूत बनाना तथा युवाओं की समस्याओं को पार्टी हाईकमान तक पहुंचाना उनकी पहली प्राथमिकता है। वहीं जिमी गुप्ता ने कहा कि वह पटियाला के हर वर्ग के युवाओं को साथ लेकर संगठन को नई ऊंचाइयों तक पहुंचाने के लिए लगातार प्रयासरत रहेंगे।
दूसरी ओर, माधव सिंगला को इस चुनाव में हार का सामना करना पड़ा। हालांकि उनके समर्थकों ने पूरी ताकत के साथ चुनाव प्रचार किया, लेकिन वह मतदाताओं का विश्वास जीतने में सफल नहीं हो सके।
इस मौके पर जिमी गुप्ता ने जानकारी देते हुए कहा कि इस जीत से मोहित महिंद्रा गुट की पटियाला में राजनीतिक पकड़ और मजबूत हुई है तथा आने वाले समय में जिले की कांग्रेस राजनीति पर इसका महत्वपूर्ण प्रभाव देखने को मिल सकता है।
यूथ कांग्रेस के इन चुनाव परिणामों ने पटियाला के राजनीतिक माहौल को एक बार फिर गर्मा दिया है और अब सभी की नजर आने वाले संगठनात्मक फैसलों तथा नए नेतृत्व की कार्यशैली पर टिकी हुई है।
फोटो – यूथ कांग्रेस






