परभणी (महाराष्ट्र) , 20 जून 2026: शनिवार को महाराष्ट्र के परभणी जिले के मानवत तालुका स्थित यशवाड़ी देवस्थान में एक बड़ा हादसा हो गया जिसमें प्रसिद्ध हनुमान मंदिर के गर्भगृह के सामने निर्माणाधीन सभामंडप (असेंबली हॉल) की छत अचानक भरभराकर गिर गई,जिससे पूरे परिसर में अफरा-तफरी मच गई।
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, घटना के समय मंदिर परिसर में बड़ी संख्या में श्रद्धालु मौजूद थे, क्योंकि शनिवार होने के कारण दर्शनार्थियों की भीड़ अधिक रहती है। हादसे के बाद आशंका जताई जा रही है कि करीब 30 से 40 लोग मलबे के नीचे फंस गए हैं।
घटना की जानकारी मिलते ही स्थानीय प्रशासन और पुलिस मौके पर पहुंच गई और राहत एवं बचाव कार्य तुरंत शुरू कर दिया गया। कई एंबुलेंस भी घटनास्थल पर भेजी गई हैं ताकि घायलों को तुरंत अस्पताल पहुंचाया जा सके।
स्थिति पर लगातार नजर रखी जा रही है। गार्जियन मंत्री मेघना बोर्डिकर के निर्देश पर प्रशासनिक टीमों को भी मौके पर रवाना किया गया है। फिलहाल बचाव कार्य युद्धस्तर पर जारी है और मलबा हटाने का काम किया जा रहा है।
प्रशासन ने लोगों से शांति बनाए रखने और बचाव कार्य में सहयोग करने की अपील की है।






