फिरोजपुर, 20 जून 2026 : पंजाब के फिरोजपुर स्थित हुसैनीवाला सीमा और अमृतसर के अटारी बॉर्डर पर आयोजित होने वाली प्रसिद्ध रिट्रीट सेरेमनी के समय में बदलाव किया गया है। अधिकारियों द्वारा जारी अधिसूचना के अनुसार, यह समारोह अब प्रतिदिन शाम 6:30 बजे से 7:00 बजे तक आयोजित किया जाएगा।
गर्मी के मौसम को ध्यान में रखते हुए यह बदलाव किया गया है। प्रशासन ने नागरिकों और पर्यटकों को नए समय की जानकारी दे दी है ताकि वे समारोह का आनंद लेने के लिए समय पर पहुंच सकें।
रिट्रीट सेरेमनी भारत-पाकिस्तान सीमा पर आयोजित होने वाला एक लोकप्रिय और आकर्षक कार्यक्रम है, जिसमें सीमा सुरक्षा बल (बीएसएफ) के जवान अपने अनुशासन, जोश और देशभक्ति का शानदार प्रदर्शन करते हैं। समारोह के दौरान देशभक्ति के नारों और उत्साहपूर्ण माहौल से पूरा क्षेत्र गूंज उठता है।
हर दिन बड़ी संख्या में देश-विदेश से पर्यटक अटारी और हुसैनीवाला बॉर्डर पर इस विशेष आयोजन को देखने पहुंचते हैं। अधिकारियों ने आगंतुकों से अपील की है कि वे नए समय के अनुसार अपनी यात्रा की योजना बनाएं और निर्धारित समय से पहले स्थल पर पहुंचें।






