कपूरथला, 20 मार्च 2026: कपूरथला के भुलत्थ सब-डिवीजन में एक दर्दनाक सड़क हादसे में मामा-भांजे की मौके पर ही मौत हो गई। यह हादसा जोगिंदर नगर गांव के पास उस समय हुआ जब एक कार और मोटरसाइकिल की जोरदार टक्कर हो गई।
मृतकों की पहचान जोगिंदर सिंह (55) निवासी गांव भटनूरा कलां और निर्मल सिंह (50) निवासी गांव बजाजा के रूप में हुई है। बताया जा रहा है कि दोनों मामा-भांजे गुरुद्वारा बाबा बकाला साहिब में माथा टेकने जा रहे थे, तभी रास्ते में यह हादसा हो गया।
परिवारिक सदस्यों के अनुसार, जिस कार से टक्कर हुई, उसे एक महिला चला रही थी जो कथित तौर पर गाड़ी चलाना सीख रही थी। हादसे के बाद महिला ने मौके से भागने की कोशिश की, लेकिन आसपास मौजूद लोगों ने उसे पकड़ लिया।
परिजनों ने आरोप लगाया कि यदि घायलों को समय पर अस्पताल पहुंचाया जाता तो उनकी जान बच सकती थी। हादसे के बाद क्षेत्र में शोक की लहर फैल गई है।
इस मामले में भुलत्थ पुलिस ने दोनों शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है और जांच शुरू कर दी है। थाना प्रभारी रणजीत सिंह ने घटना की पुष्टि की है, जबकि डीएसपी भुलत्थ कर्नैल सिंह ने बताया कि मृतकों के परिजनों के बयान दर्ज किए जा रहे हैं और मामले की गहन जांच की जा रही है।
पुलिस का कहना है कि जांच के बाद ही आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी।






