भोडिया खेड़ा निवासी युवक की हत्या का मामला सुलझाया
प्रेम प्रसंग के चलते पति की हत्या, सह-आरोपी पहले ही काबू
फतेहाबाद, 19 मार्च, 2026 (संजीव शर्मा): पुलिस अधीक्षक श्री सिद्धांत जैन, आईपीएस के दिशा-निर्देशन में अपराधियों के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत थाना शहर फतेहाबाद पुलिस ने हत्या के एक मामले में कार्रवाई करते हुए आरोपी महिला को काबू करने में सफलता हासिल की है।
काबू की गई आरोपी की पहचान ममता पत्नी जयवीर निवासी भोडिया खेड़ा जिला फतेहाबाद के रूप में हुई है।
थाना शहर फतेहाबाद के प्रभारी निरीक्षक सुरेंद्रा ने जानकारी देते हुए बताया कि दिनांक 11.03.2026 को फतेहाबाद के सेक्टर-11 स्थित निर्माणाधीन सरकारी अस्पताल के पास सड़क किनारे एक युवक का शव बरामद हुआ, जिसकी पहचान जयवीर निवासी भोडिया खेड़ा के रूप में हुई। शव पर सिर में चोट के निशान पाए गए।
इस संबंध में प्राप्त शिकायत के आधार पर थाना शहर फतेहाबाद में अभियोग संख्या 109 दिनांक 11.03.2026 धारा 103(1) बीएनएस के तहत मामला दर्ज कर जांच शुरू की गई।
जांच के दौरान पुलिस टीम ने साक्ष्य एवं तकनीकी आधार पर पहले ही सह-आरोपी मनोज कुमार को काबू कर लिया था। आगे की जांच में मृतक की पत्नी ममता की संलिप्तता सामने आई, जिसे तत्परता से कार्रवाई करते हुए काबू किया गया।
पूछताछ में खुलासा हुआ कि आरोपी मनोज कुमार और ममता के बीच प्रेम प्रसंग था तथा दोनों ने मिलकर जयवीर की हत्या की साजिश रची थी। इसी योजना के तहत दोनों ने जयवीर की हत्या कर शव को सड़क किनारे फेंक दिया, ताकि घटना को छिपाया जा सके।
काबू की गई आरोपी को नियमानुसार माननीय न्यायालय में पेश किया जाएगा तथा मामले में गहनता से जांच जारी है।






