एलपीजी गैस के एक सिलेंडर के लिए दर दर भटक रहे हैं लोग
फतेहाबाद, 19 मार्च, 2026 (संजीव शर्मा): जिला कांग्रेस कमेटी फतेहाबाद के अध्यक्ष अरविन्द शर्मा ने कहा कि भाजपा सरकार के शासनकाल में आज हर वर्ग परेशान है और आमजन को अपनी रोजमर्रा की जरूरतों के लिए संघर्ष करना पड़ रहा है। उन्होंने कहा कि प्रदेश में मूलभूत सुविधाएं तक लोगों को सही तरीके से उपलब्ध नहीं हो पा रही हैं।
अरविन्द शर्मा ने आरोप लगाया कि सरकार की नीतियों के कारण आम आदमी की जिंदगी दिन-प्रतिदिन कठिन होती जा रही है। उन्होंने कहा कि एलपीजी गैस सिलेंडर की भारी किल्लत से लोग बेहद परेशान हैं और समय पर गैस उपलब्ध न होने से घरों का कामकाज प्रभावित हो रहा है। उन्होंने कहा कि महंगाई लगातार बढ़ रही है, जिससे गरीब और मध्यम वर्ग के लोगों का बजट पूरी तरह से बिगड़ चुका है। खाने-पीने की वस्तुओं से लेकर रोजमर्रा की जरूरत की चीजों के दाम आसमान छू रहे हैं। जिलाध्यक्ष ने कहा कि प्रदेश में बेरोजगारी भी एक गंभीर समस्या बन चुकी है।
पढ़े-लिखे युवा रोजगार के लिए दर-दर भटकने को मजबूर हैं, लेकिन सरकार इस ओर कोई ठोस कदम नहीं उठा रही है। उन्होंने यह भी कहा कि किसानों को उनकी फसलों का उचित मूल्य नहीं मिल रहा है और उन्हें विभिन्न समस्याओं का सामना करना पड़ रहा है। सरकार द्वारा किए गए वादे धरातल पर नजर नहीं आ रहे हैं। रविन्द शर्मा ने कहा कि प्रदेश में कानून व्यवस्था की स्थिति भी चिंताजनक बनी हुई है। अपराधों में बढ़ोतरी हो रही है, जिससे आमजन में भय का माहौल है।
उन्होंने कहा कि भाजपा सरकार केवल बड़े-बड़े दावे और घोषणाएं करती है, लेकिन जमीनी स्तर पर उनका कोई प्रभाव दिखाई नहीं देता। आम जनता आज भी मूलभूत सुविधाओं के लिए तरस रही है। उन्होंने कार्यकर्ताओं से आह्वान किया कि वे जनता के बीच जाकर सरकार की नाकामियों को उजागर करें और कांग्रेस पार्टी की नीतियों को घर-घर तक पहुंचाएं।
अरविन्द शर्मा ने कहा कि कांग्रेस पार्टी हमेशा से जनहित में कार्य करती आई है और आगे भी जनता के हकों के लिए संघर्ष करती रहेगी। उन्होंने विश्वास जताया कि आने वाले समय में जनता भाजपा सरकार को जवाब देगी और कांग्रेस पार्टी को समर्थन देकर प्रदेश में विकास और जनकल्याण की नई दिशा तय करेगी। अंत में उन्होंने कहा कि कांग्रेस कार्यकर्ता एकजुट होकर जनता की आवाज बनें और हर वर्ग के अधिकारों की रक्षा के लिए संघर्ष करें।






