पटियाला, 18 मार्च 2026: चहल गांव के पास नाभा-भादसो रोड पर बुधवार को दो ट्रकों के बीच आमने-सामने जोरदार टक्कर हो गई। हादसा इतना भीषण था कि दोनों ट्रकों के केबिन पूरी तरह अंदर धंस गए और ड्राइवर व क्लीनर अंदर ही फंस गए।
मौके पर मौजूद ग्रामीणों ने तुरंत राहत कार्य शुरू किया। कटर मशीन और ट्रैक्टरों की मदद से करीब ढाई घंटे की कड़ी मशक्कत के बाद दोनों ट्रकों के ड्राइवरों और क्लीनरों को बाहर निकाला गया। स्थानीय लोगों के अनुसार, हादसे में चारों लोग गंभीर रूप से घायल हुए हैं और उनकी टांगों में फ्रैक्चर हुआ है।
जानकारी के मुताबिक, एक ट्रक मंडी गोबिंदगढ़ से आ रहा था, जबकि दूसरा नाभा से गोबिंदगढ़ की ओर जा रहा था। टक्कर के कारण सड़क पर वाहनों की लंबी कतारें लग गईं।
सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और जेसीबी मशीनों की मदद से क्षतिग्रस्त ट्रकों को सड़क से हटाने का काम शुरू किया गया। हादसे के बाद इलाके में कुछ समय के लिए यातायात पूरी तरह प्रभावित रहा।






