डीसी डॉ. विवेक भारती ने अधिकारियों को दिए पारदर्शी व शांतिपूर्ण मतदान के निर्देश
फ़तेहाबाद, 17 मार्च 2026 (संजीव शर्मा) : पंजाब एवं हरियाणा हाईकोर्ट में 18 मार्च को आयोजित होने वाले बार काउंसिल चुनाव-2026 के सफल संचालन को लेकर जिला प्रशासन ने तैयारियां अंतिम चरण में पूरी कर ली हैं। डीसी डॉ. विवेक भारती ने लघु सचिवालय के सभागार में ड्यूटी मजिस्ट्रेट व पोलिंग अधिकारियों की बैठक लेकर व्यवस्थाओं की व्यापक समीक्षा की और आवश्यक दिशा-निर्देश जारी किए।
डीसी ने स्पष्ट कहा कि चुनाव को स्वतंत्र, निष्पक्ष और शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न करवाना प्रशासन की सर्वोच्च प्राथमिकता है। उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिए कि मतदान प्रक्रिया से जुड़ी सभी व्यवस्थाएं सुव्यवस्थित और समयबद्ध हों, ताकि मतदाताओं को किसी प्रकार की असुविधा का सामना न करना पड़े। उन्होंने ड्यूटी पर तैनात सभी अधिकारियों को पूरी जिम्मेदारी, सतर्कता और आपसी समन्वय के साथ कार्य करने के निर्देश दिए।
जिला फतेहाबाद में कुल चार पोलिंग बूथ स्थापित किए गए हैं, जिनमें दो बूथ फतेहाबाद तथा एक-एक बूथ रतिया और टोहाना में बनाए गए हैं। इन बूथों पर फतेहाबाद में 917, रतिया में 285 तथा टोहाना में 291 मतदाता अपने मताधिकार का प्रयोग करेंगे। मतदान सुबह 9 बजे से शाम 5 बजे तक होगा। डीसी ने बताया कि चुनाव प्रक्रिया की निगरानी के लिए नोडल अधिकारी नियुक्त किए गए हैं। सभी मतदान केंद्रों पर सुरक्षा के पुख्ता प्रबंध किए गए हैं तथा बिना अधिकृत व्यक्ति को मतदान कक्ष में प्रवेश की अनुमति नहीं होगी। मतदान समाप्ति के उपरांत मतपेटियों को कड़ी सुरक्षा व्यवस्था के बीच पंजाब एवं हरियाणा हाईकोर्ट में जमा करवाया जाएगा।
इस अवसर पर टोहाना के एसडीएम आकाश शर्मा, फतेहाबाद के एसडीएम राजेश कुमार, रतिया के एसडीएम सुरेंद्र सिंह, सीटीएम गौरव गुप्ता, डीएसपी संजय बिश्नोई, नायब तहसीलदार (चुनाव) राज कुमार सिहाग सहित चुनाव ड्यूटी में तैनात ड्यूटी मजिस्ट्रेट एवं पोलिंग अधिकारी उपस्थित रहे।
फोटो : लघु सचिवालय के सभागार में ड्यूटी मजिस्ट्रेट व पोलिंग अधिकारियों की बैठक में दिशा-निर्देश देते हुए डीसी डॉ. विवेक भारती।






