आरोपी के कब्जे से .32 बोर पिस्तौल व 5 जिंदा कारतूस बरामद, आर्म्स एक्ट के तहत मामला दर्ज
टोहाना, 17 मार्च 2026 (संजीव शर्मा) : पुलिस अधीक्षक श्री सिद्धांत जैन, आईपीएस के दिशा-निर्देशन में अपराध एवं आपराधिक तत्वों के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत सीआईए टोहाना टीम ने कार्रवाई करते हुए एक आरोपी को अवैध हथियार सहित काबू करने में सफलता हासिल की है।
सीआईए टोहाना प्रभारी उपनिरीक्षक अशोक कुमार ने बताया कि पुलिस टीम गश्त के दौरान भाखड़ा नहर के पास गांव दमकौरा की ओर जा रही थी। इसी दौरान स्टेडियम के नजदीक एक युवक पुलिस वाहन को देखकर घबराकर वापस मुड़ने लगा। शक के आधार पर टीम ने उसे काबू कर पूछताछ की, जिसने अपनी पहचान रणजीत सिंह उर्फ जीता पुत्र गुरदीप सिंह निवासी वार्ड नंबर 18, अंबेडकर चौक टोहाना के रूप में बताई।
नियमानुसार तलाशी लेने पर आरोपी के कब्जे से एक अवैध .32 बोर पिस्तौल व 5 जिंदा कारतूस बरामद हुए। बरामद हथियार एवं कारतूस को कब्जे में लेकर नियमानुसार सील किया गया।
इस संबंध में थाना शहर टोहाना में अभियोग संख्या 85 दिनांक 16.03.2026 धारा 25/54/59 आर्म्स एक्ट के तहत मामला दर्ज किया गया है। आरोपी को माननीय न्यायालय में पेश किया जाएगा। मामले की जांच जारी है।






