एएसपी दिव्यांशी सिंगला, आईपीएस ने परेड का निरीक्षण कर दक्षता, अनुशासन और जनसेवा पर दिया जोर
फ़तेहाबाद, 16 मार्च 2026 (संजीव शर्मा) : पुलिस लाइन फतेहाबाद में आयोजित साप्ताहिक पुलिस परेड के दौरान जिले के पुलिस बल की तैयारियों, अनुशासन और कार्यक्षमता का मूल्यांकन किया गया। परेड के माध्यम से पुलिसकर्मियों की शारीरिक दक्षता, एकरूपता और सतर्कता का व्यावहारिक प्रदर्शन देखने को मिला।
परेड का निरीक्षण सहायक पुलिस अधीक्षक सुश्री दिव्यांशी सिंगला, आईपीएस द्वारा किया गया। निरीक्षण के दौरान उन्होंने ड्रिल, टर्नआउट और समन्वय का बारीकी से अवलोकन किया तथा पुलिसकर्मियों को नियमित अभ्यास और अनुशासित दिनचर्या बनाए रखने के निर्देश दिए।
निरीक्षण उपरांत एएसपी दिव्यांशी सिंगला ने कहा कि प्रभावी पुलिसिंग की नींव अनुशासन, सजगता और मानसिक मजबूती पर आधारित होती है। उन्होंने बल को अपने कर्तव्यों के निर्वहन में संवेदनशील दृष्टिकोण अपनाने और आमजन के साथ सौहार्दपूर्ण व्यवहार बनाए रखने का आह्वान किया।
परेड के बाद उन्होंने ईआरवी, राइडर तथा पीसीआर यूनिट्स की तैनाती और कार्यप्रणाली की समीक्षा की। इस दौरान आमजन को समय पर सहायता उपलब्ध कराने, रिस्पॉन्स टाइम बेहतर करने और फील्ड में सक्रियता बनाए रखने के निर्देश दिए गए।
एएसपी ने पुलिसकर्मियों की व्यक्तिगत एवं पारिवारिक समस्याओं को भी गंभीरता से सुना तथा संबंधित अधिकारियों को समयबद्ध समाधान सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि पुलिस बल का मनोबल और कल्याण विभाग की प्राथमिकताओं में शामिल है।
कार्यक्रम के समापन पर उन्होंने पुलिसकर्मियों से स्वस्थ जीवनशैली अपनाने, नियमित व्यायाम, योग तथा नशामुक्त दिनचर्या बनाए रखने की अपील की और कहा कि जनता का विश्वास ही पुलिस की सबसे बड़ी ताकत है, जिसे निरंतर कर्मठता से मजबूत किया जाना चाहिए। इस अवसर पर पुलिस अधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित रहे।






