फतेहाबाद व टोहाना मंडल में टीमों ने गांव-गांव जाकर पीड़ितों से मुलाकात कर दी आयुष दवाएं व किया जागरूक
फ़तेहाबाद, 15 मार्च 2026 (संजीव शर्मा) : पुलिस अधीक्षक सिद्धांत जैन, आईपीएस के दिशा निर्देशन में चलाए जा रहे ऑपरेशन जीवन ज्योति के तहत जिला पुलिस द्वारा नशा पीड़ितों को उपचार, परामर्श व पुनर्वास से जोड़ने के लिए विशेष अभियान लगातार चलाया जा रहा है। इसी क्रम में नशा मुक्ति टीमों ने विभिन्न क्षेत्रों में जाकर नशा पीड़ितों से मुलाकात कर उनकी काउंसलिंग की तथा उपचार के लिए आवश्यक आयुर्वेदिक व होम्योपैथिक दवाएं उपलब्ध करवाई।
इसी कड़ी में उपनिरीक्षक सुंदर के कुशल नेतृत्व में नशा मुक्ति टीम फतेहाबाद ने सीएचसी रतिया में दाखिल नशा पीड़ितों का हाल-चाल जाना तथा उनसे बातचीत कर उन्हें नशे से दूर रहने के लिए प्रेरित किया। इसके अलावा टीम ने फोन पर संपर्क कर कंवलगढ़ के 02, जल्लोपुर के 01, धोलू के 01 तथा खाई गांव के 01 पीड़ितों को बुलाकर उनकी काउंसलिंग की। वहीं टीम द्वारा गांव भूदड़वास व रसूलपुर में जाकर भी 01-01 पीड़ित से मुलाकात की गई। इस दौरान कुल 07 नव चिन्हित पीड़ितों के अलावा पहले से उपचाराधीन 06 पीड़ितों को भी आयुर्वेदिक व होम्योपैथिक दवाएं उपलब्ध करवाई गईं, ताकि उनका उपचार सुचारू रूप से जारी रह सके।
टीम ने श्री बालाजी नशामुक्ति केंद्र रतिया का भी दौरा किया, जहां डॉक्टरों से नशा पीड़ितों के इलाज की प्रगति के बारे में जानकारी प्राप्त की गई। साथ ही केंद्र में मौजूद पीड़ितों को नशे के दुष्प्रभावों के बारे में जागरूक करते हुए उन्हें समाज की मुख्यधारा से जुड़ने के लिए प्रेरित किया गया।
इसी प्रकार सहायक उपनिरीक्षक सज्जन कुमार के नेतृत्व में नशा मुक्ति अभियान के तहत टोहाना मंडल की टीम ने भी विभिन्न गांवों में अभियान चलाया। टीम द्वारा गांव रसूलपुर, मघेड़ा व कुला में नशा पीड़ितों से मुलाकात कर उनका हाल-चाल जाना और उन्हें नशा छोड़ने के लिए परामर्श दिया गया। इस दौरान ऐसे 10 मरीजों को आयुष दवाएं उपलब्ध करवाई गईं जिनकी स्थिति में पहले की तुलना में सुधार देखा गया है। इस अभियान में गांव कुला के केयरटेकर को भी सहयोग के लिए साथ रखा गया।
पुलिस का यह अभियान नशा पीड़ितों को उपचार व परामर्श के माध्यम से नशे से दूर कर उन्हें स्वस्थ जीवन की ओर प्रेरित करने के उद्देश्य से लगातार जारी है।






