केंद्र व हरियाणा सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं की दी जानकारी, अधिकारियों को दिए समाधान के निर्देश
टोहाना, 14, मार्च 2026 (संजीव शर्मा): राज्यसभा सांसद सुभाष बराला ने शनिवार को अपने फार्म हाउस पर क्षेत्र के विभिन्न गांवों और शहरों से आए नागरिकों से आत्मीय मुलाकात की। इस दौरान उन्होंने उनकी समस्याओं, सुझावों और जनहित से जुड़े विषयों को गंभीरता से सुना।
सांसद ने कहा कि जनप्रतिनिधि का दायित्व है कि वह जनता की समस्याओं को प्राथमिकता के आधार पर सुने और उनके समाधान के लिए प्रशासन के साथ समन्वय स्थापित करे। उन्होंने मौके पर ही संबंधित अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश देते हुए कहा कि आमजन की समस्याओं का शीघ्र समाधान सुनिश्चित किया जाए, ताकि लोगों को अनावश्यक रूप से कार्यालयों के चक्कर न लगाने पड़ें।
इस अवसर पर सांसद ने केंद्र में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में चलाई जा रही विभिन्न जनकल्याणकारी योजनाओं का उल्लेख करते हुए कहा कि प्रधानमंत्री आवास योजना, आयुष्मान भारत योजना, उज्ज्वला योजना और प्रधानमंत्री किसान सम्मान निधि जैसी योजनाओं से गरीब, किसान, महिलाओं और जरूरतमंद वर्गों को सीधा लाभ मिल रहा है। इन योजनाओं के माध्यम से देश के विकास को नई गति मिली है और समाज के अंतिम व्यक्ति तक लाभ पहुंचाने का प्रयास किया जा रहा है।
उन्होंने कहा कि हरियाणा में मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी के नेतृत्व में राज्य सरकार भी जनहित को सर्वोपरि रखते हुए अनेक विकासात्मक योजनाएं और नीतियां लागू कर रही है। राज्य सरकार किसानों, युवाओं, महिलाओं और जरूरतमंद वर्ग के कल्याण के लिए लगातार कार्य कर रही है तथा प्रदेश में पारदर्शी और जवाबदेह शासन व्यवस्था को मजबूत किया जा रहा है।
सांसद ने उपस्थित लोगों से आह्वान किया कि वे सरकार की योजनाओं की जानकारी लेकर उनका अधिक से अधिक लाभ उठाएं तथा अन्य लोगों को भी इनके प्रति जागरूक करें, ताकि समाज के हर वर्ग तक विकास की योजनाओं का लाभ पहुंच सके।






