पटियाला, 14 मार्च 2026: आम आदमी पार्टी (आप) पंजाब के महासचिव और प्रदेश मीडिया प्रभारी बलतेज पन्नू ने कहा कि केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह अपने पंजाब दौरे के दौरान राज्य के रोके गए फंड जारी करवाएं। बलतेज पन्नू आज पटियाला के ग्रीनफील्ड संत एन्क्लेव में ‘मुख्यमंत्री स्वास्थ्य योजना’ के तहत रजिस्ट्रेशन कर स्वास्थ्य कार्ड बनाने के लिए लगाए गए तीन दिवसीय कैंप के दूसरे दिन मीडिया से बातचीत कर रहे थे।
इस मौके पर पन्नू ने बताया कि पंजाब सरकार द्वारा मुख्यमंत्री भगवंत मान की अगुवाई में राज्य के 65 लाख परिवारों के स्वास्थ्य योजना कार्ड बनाए जाने हैं और अब तक करीब 15 लाख लोगों के ये कार्ड बन चुके हैं।
पत्रकारों से बातचीत करते हुए पन्नू ने केंद्र सरकार पर निशाना साधते हुए कहा कि यदि गृह मंत्री पंजाब में रैली करने आए हैं तो उन्हें राज्य के लिए केंद्र की ओर से रुके हुए आरडीएफ और अन्य योजनाओं के फंड भी जारी करवाने चाहिए।
केंद्र सरकार पर पंजाब के साथ भेदभाव करने का आरोप लगाते हुए उन्होंने कहा कि केंद्र ने हमेशा राज्य के साथ सौतेला व्यवहार किया है। उन्होंने कहा कि चंडीगढ़ पर पंजाब के अधिकार और पंजाब यूनिवर्सिटी
जैसे अहम मुद्दों पर भी केंद्र ने हमेशा राज्य को उलझाकर रखा है। पन्नू ने पंजाब के लोगों से अपील की कि वे अमित शाह से इन गंभीर मुद्दों पर सवाल जरूर पूछें।
उन्होंने याद दिलाया कि बाढ़ के दौरान प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने खुद पंजाब का हवाई दौरा कर नुकसान की भरपाई के लिए 1600 करोड़ रुपये देने का ऐलान किया था, लेकिन अफसोस की बात है कि वह फंड आज तक पंजाब को नहीं मिला।
विपक्षी नेताओं पर टिप्पणी करते हुए पन्नू ने सुखपाल सिंह खैरा के बारे में कहा कि उनका मानसिक संतुलन बिगड़ चुका है। साथ ही शिरोमणि अकाली दल पर निशाना साधते हुए उन्होंने कहा कि अकाली सरकार के समय पंजाब में नशा और गैंगस्टरवाद चरम पर पहुंच गया था, जिससे राज्य को भारी नुकसान हुआ।
उन्होंने कहा कि आज मुख्यमंत्री भगवंत मान की सरकार अकाली दल के बोए हुए कांटे निकालकर पंजाब को फिर से ‘रंगला पंजाब’ बनाने की कोशिश कर रही है।
पन्नू ने बताया कि मोहाली में आयोजित तीन दिवसीय पंजाब प्रगतिशील निवेशक सम्मेलन-2026 के पहले ही दिन बड़े उद्योगपतियों द्वारा राज्य में 10,000 करोड़ रुपये के निवेश का वादा किया गया, जो मान सरकार की बड़ी उपलब्धि है।
उन्होंने मुख्यमंत्री भगवंत मान के नेतृत्व में चल रही जनकल्याणकारी योजनाओं, रोजगार, खेल, शिक्षा और स्वास्थ्य क्षेत्र में किए जा रहे कार्यों का जिक्र करते हुए कहा कि ‘आप’ सरकार दिन-रात पंजाब के विकास के लिए काम कर रही है और राज्य की अर्थव्यवस्था तथा सामाजिक सुरक्षा को मजबूत करने के लिए पूरी तरह प्रतिबद्ध है।
इस मौके पर इम्प्रूवमेंट ट्रस्ट नाभा के चेयरमैन जसी सोहियांवाला, मेघ चंद शेरमाजरा और गुरविंदर सिंह समेत अन्य पदाधिकारी भी मौजूद थे।






